Auraiya Suicide : मायके से नहीं आई पत्नी, नाराज पति ने फंदा लगाकर दे दी जान, ससुरालीजनों पर धमकाने का आरोप
Auraiya Suicide औरैया में पत्नी के मायके से नहीं आने पर नाराज पति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। स्वजन ने ससुरालियों पर धमकाने का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम भिजवाकर जांच शुरू की है।
औरैया, जागरण संवाददाता। Auraiya Suicide अयाना क्षेत्र के सिहौली में शनिवार सुबह पूर्व माध्यमिक विद्यालय परिसर में लगे बरगद के पेड़ पर युवक का शव लटकता मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव नीचे उतरवा स्वजन से जानकारी ली। पिता ने बताया कि पुत्रवधू के मायके से न आने पर बेटे ने ऐसा किया है। वहीं ससुरालीजन बार-बार धमका भी रहे थे।
सिहौली निवासी 28 वर्षीय सतेंद्र पुत्र लाखन दोहरे का शव पेड़ पर दुपट्टे के सहारे लटकता मिला। सुबह करीब पांच बजे नित्य क्रिया के लिए गयी देवेंद्र की पत्नी सुमन ने शव लटकता देख ग्रामीणों को जानकारी दी। पिता लाखन दोहरे ने पुलिस को फौती की सूचना दी।
बताया कि आठ अगस्त को बहू खुशबू तीनों बच्चों रितेश, अभिषेक और गुनगुन को लेकर अपने मायके सरायं थाना भरथना जिला इटावा चली गई। शुक्रवार शाम को सतेंद्र ने पत्नी को घर आने के लिए मोबाइल फोन किया तो उसके ससुर ने उसे धमकी दी।
इसके साथ पूर्व में भी ससुरालीजन उसके साथ मारपीट व गली गलौज कर चुके थे। जिससे क्षुब्ध होकर सतेंद्र ने आत्महत्या कर ली। मां मालती देवी और भाई-बहनों हाल बेहाल रहा है। अयाना थानाध्यक्ष भागीरथ सिंह ने बताया कि स्वजन की तहरीर व पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की जाएगी।