अमृत महोत्सव पर 10 दिन में 50 युवा संस्कार अभियान संपन्न
केंद्रीय आर्य युवक परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल आर्य ने आनलाइन माध्यम से भी कार्यक्रम को संबोधित किया
- संस्कारित व सुसंस्कृत युवा पीढ़ी ही राष्ट्र का भविष्य : अनिल आर्य
जागरण संवाददाता, रोहतक
केंद्रीय आर्य युवक परिषद ने आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में 'युवा संस्कार अभियान' चलाया। 10 दिनों में यज्ञ, भजन व यज्ञोपवीत संस्कार के 50 कार्यक्रम सम्पन्न हुए।
रोहतक शाखा द्वारा संचालित युवा संस्कार समारोह का आयोजन दीप वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय गांव खरेंटी में आयोजित किया गया।
केंद्रीय आर्य युवक परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल आर्य ने आनलाइन माध्यम से भी कार्यक्रम को संबोधित किया। यह जानकारी केंद्रीय आर्य युवक परिषद रोहतक के जिला अध्यक्ष अशोक जांगड़ा आयकर, बैंक टैक्स अधिवक्ता ने दी। केंद्रीय आर्य युवक परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल आर्य ने कहा कि संस्कारित व सुसंस्कृत युवा पीढ़ी पर ही राष्ट्र का भविष्य टिका है माता पिता के आज्ञाकारी, ईश्वर भक्त व देश भक्त युवाओ को तैयार करना हमारा लक्ष्य है। भारत की आजादी की लड़ाई में आर्य समाज का सर्वाधिक योगदान रहा। अनेक क्रांतिकारी महर्षि दयानंद सरस्वती से प्रेरणा लेकर आजादी की लड़ाई में कूद पड़े लेकिन आज उन्हें भुलाया जा रहा है। कार्यक्रम की अध्यक्षता अशोक जांगड़ा ने की। इस दौरान यज्ञ का भी समापन किया गया। हवन के दौरान लगभग 60 छात्र छात्राओं को मंत्रोच्चार के साथ जनेऊ धारण कराया गया। इसके नियम बताए गए। यज्ञ के बाद सभी बच्चों व उपस्थित अध्यापक गणों से मांस अंडा न खाने, कोई भी नशा न करने व माता-पिता का आदर करने की भी इन 10 दिनों के कार्यक्रम के दौरान शपथ दिलाई गई। यह कार्यक्रम रोहतक के अलावा दिल्ली के साथ ही गाजियाबाद, साहिबाबाद, नोएडा, इंदिरापुरम ग्रेटर नोएडा, हापुड़, अलीगढ़, फरीदाबाद, पलवल, गुरुग्राम, सोनीपत, करनाल, जींद, जयपुर, बहरोड़, दिल्ली, टीला, जम्मू, हाथरस आदि स्थानों पर आयोजित किए गए।