Corona In UP: पांच दिनों में घटे कोरोना के 19 प्रतिशत रोगी, टीकाकरण पर दिया जा रहा जोर
Corona In UP उत्तर प्रदेश में कोरोना संक्रमितों की संख्या में जहां उछाल आया वहीं स्वस्थ होने वाले मरीजों की संख्या भी बढ़ है। बुधवार को 679 नए संक्रमित मिले थे वहीं 865 संक्रमित स्वस्थ हुए थे। यूपी में अब 4852 सक्रिय केस हैं।
लखनऊ, राज्य ब्यूरो। Corona In UP प्रदेश में बीते पांच दिनों से नए मरीजों के मुकाबले ज्यादा रोगी स्वस्थ हो रहे हैं। ऐसे में अब कोरोना के सक्रिय केस तेजी से घट रहे हैं।
पांच दिनों में घटे 1,155 सक्रिय केस
- बुधवार को भी कोरोना के 679 नए रोगी मिले और उससे कहीं अधिक 865 मरीज स्वस्थ हुए। अब सक्रिय केस घटकर 4,852 रह गए हैं। बीते 12 अगस्त 2022 को मरीजों की कुल संख्या 6,007 थी।
- ऐसे में पांच दिनों में 1,155 सक्रिय केस घटे हैं यानी 19 प्रतिशत मरीज कम हुए हैं। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए टीकाकरण अभियान में और तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।
- 18 वर्ष से अधिक उ्रम के 14.74 करोड़ वयस्कों को टीका लगाया जाना है। अब तक शत-प्रतिशत वयस्कों को वैक्सीन की पहली और 14.63 करोड़ वयस्कों को दूसरी डोज भी लगाई जा चुकी है।
- दोनों डोज लगवा चुके करीब 1.60 करोड़ वयस्कों ने वैक्सीन की सतर्कता (प्रीकाशन) डोज भी लगवा ली है। 15 वर्ष से 18 वर्ष के बीच की उम्र के 1.40 करोड़ किशोरों को टीका लगाया जाना है।
- अब तक शत-प्रतिशत किशोरों ने टीके की पहली और 1.30 करोड़ किशोरों ने वैक्सीन की दोनों डोज लगवा ली है। 12 वर्ष से 14 वर्ष तक की उम्र के 84.64 लाख बच्चों को वैक्सीन लगाई जानी है।
- सभी बच्चों ने टीके की पहली डोज लगवा ली है। 73.89 लाख बच्चों ने दूसरी डोज भी लगवा ली है।
सीएमओ को लगी थी फटकार
प्रदेश में कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। बीते 15 दिनों में ही सक्रिय केस दोगुणा बढ़कर 5790 हो गए थे। फिर भी जिलों में कोरोना संक्रमितों को चिन्हित करने के लिए जांच 60 हजार से कम की जा रही थी, जबकि शासन ने न्यूनतम एक लाख जांच प्रतिदिन करने के आदेश दिए थे। ऐसे में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य महानिदेशक डा. लिली सिंह ने सभी जिलों के मुख्य चिकित्साधिकारियों (सीएमओ) को पत्र लिखकर नाराजगी जताई थी।