1 लाख 1 हजार पानी पुरी की दावत, बेटी अनोखी के जन्मदिन पर पिता देगा अनोखा भोज
Save Girl Child मध्य प्रदेश के भोपाल में रहने वाला अंचल गुप्ता अपने बेटी अनोखी के पहले बर्थ डे पर 1लाख 1हजार लोगों को फ्री पानीपुरी खिलाएंगे। इसकी तैयारी भी उन्होंने शुरू कर दी है। बेटी के जन्म पर पिछले साल उसने 51 हजार पानी पुरी फ्री में खिलाई थी।
भोपाल, जागरण आनलाइन डेस्क। Save Girl Child: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के उपनगर कोलार में स्थित आशीर्वाद कालोनी में रहने वाले अंचल गुप्ता हमेशा से बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, बेटी बोझ नहीं, बेटी वरदान है, बेटी बचाओ तो घर में बहू लाएंगे जैसी पंक्तियों को आगे बढ़ाते रहे हैं।
अंचल के घर पिछले साल बेटी ने जन्म लिया था और उसने इस खुशी को अनोखे तरीके से सेलीब्रेट करते हुए 51 हजार पानी पुरी लोगों को फ्री में खिलाये थे। इस साल 17 अगस्त को वो अपनी बेटी अनोखी की पहली वर्षगांठ बना रहा है जिसमें वह 1लाख 1हजार लोगों को फ्री पानीपुरी खिलाएंगे। इसकी तैयारी भी उन्होंने शुरू कर दी है। इसके लिए शहरवासियों निमंत्रण पत्र भेज आमंत्रित किया गया है।
बता दें कि अंचल गुप्ता कोलार मुख्य मार्ग बंजारी पर पानी पुरी का ठेला लगाते हैं। उन्होंने सामाजिक परिवर्तन लाने के लिए बेटी होने की खुशी में मुफ्त पानी पुरी खिलाने की अनोखी पहल कर समाज में बेटी बचाओ की अनूठी मिसाल कायम की थी। उनकी इस पहल की प्रशासन ने काफी तारीफ की थी।
लगाए जाएंगे 31 स्टाल
इस बार अंचल गुप्ता 31 स्टाल लगाकर लोगों को फ्री पानीपुरी खिलाएंगे। दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक लोग मुफ्त पानी पुरी खा सकेंगे। इसके लिए अंचल गुप्ता ने लोगों को आमंत्रित करने के लिए कार्ड छपवाए हैं। कोलार क्षेत्र में भी घर-घर जाकर कार्ड बांटे जा रहे हैं। साथ ही इंटरनेट मीडिया के माध्यम से मुफ्त पानी पुरी खिलाने की जानकारी दी जा रही है।
पानी पूरी का ठेला लगाता है अंचल
अंचल गुप्ता ने बताया कि मैं पानी पूरी का ठेला लगाता हूं। यह मेरी आय का एकमात्र स्रोत है। आधुनिक समय में भी समाज में कुछ लोग ऐसे हैं जो बेटियों को बोझ समझते हैं। बेटियों को मां के गर्भ में मार दिया जाता है। ऐसे लोगों को बेटी बचाओ का संदेश देना मुख्य उद्देश्य है।
एक छोटी सी शुरुआत कर लोगों को बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ के प्रति जागरूक करने के लिए मैं अपनी बेटी के जन्मदिन पर मुफ्त पानीपुरी खिलाने जा रहा हूं।