लंदन से मुंबई पहुंची पंकजा, कार्यकर्ताओं ने किया शक्ति प्रदर्शन
206 करोड़ के घोटाले के आरोप में घिरीं महिला व बालकल्याण मंत्री पंकजा मुंडे सात दिनों की छुट्टी बिताने के बाद मंगलवार सुबह लंदन से मुंबई लौटी। मुंडे अपने बीमार बेटे को साथ लेकर लंदन गई थीं।
मुंबई। 206 करोड़ के घोटाले के आरोप में घिरीं महिला व बालकल्याण मंत्री पंकजा मुंडे सात दिनों की छुट्टी बिताने के बाद मंगलवार सुबह लंदन से मुंबई लौटी। मुंडे अपने बीमार बेटे को साथ लेकर लंदन गई थीं। पंकजा के मुंबई पहुंचते ही बीड़, औरंगाबाद, नासिक, पुणे और मुंबई से आए उनके समर्थकों ने एयरपोर्ट पर शक्ति प्रदर्शन और पंकजा के समर्थन में नारेबाजी की।
इस मौके पर पंकजा ने कहा कि मैंने कोई घोटाला नहीं किया है। मुझे बदनाम करने के लिए यह षडयंत्र रचा गया है। लेकिन मैं यह साजिश नाकाम करने वाली हूं। इसके लिए मुझे आपके आशीर्वाद की जरुरत है।
मंत्री पंकजा मुंडे को 15 जून को अहमदनगर जिला परिषद की प्रेसिडेंट मंजूश्री गुंड ने एक लेटर लिख कर बताया कि सरकार की ओर से आदिवासी स्टूडेंट्स में बांटे जा रहे मूंगफली पट्टी या चिक्की (मूंगफली के दाने और गुड़ से तैयार होने वाला) में मिट्टी मिली है। मंत्री होते हुए मुंडे ने ही अन्य सामान जैसे चटाई, किताब, वॉटर फिल्टर्स के साथ ही चिक्की की खरीदारी को मंजूरी दी थी। आरोप है कि मुंडे ने नियमों की अवहेलना कर कॉन्ट्रेक्टर को 206 करोड़ रुपए का ऑर्डर दे दिया। विपक्ष ने आरोप लगाया है कि बिना टेंडर बुलाए मनपसंद कंपनियों को ये आदेश दिए गए। मुंडे ने 13 फरवरी को 24 गवर्नमेंट रिजोल्यूशन के जरिए खरीददारी का आदेश दिया था। पंकजा मुंडे द्वारा एक दिन में 24 गवर्नमेंट रिजोल्यूशन लाया गया जो कि महाराष्ट्र में एक रिकॉर्ड है।