नागपुर को 2 ट्रेनों की सौगात, सोलर पैनल से जगमगाएंगे मंडल के स्टेशन
उम्मीद की बात बजट पेश होने के बाद भी इसलिए की जा रही है, क्योंकि पहली बार रेल बजट को आम बजट में शामिल किया गया।
नागपुर, जेएनएन। बजट में शामिल रेल बजट नागपुर मंडल के लिए केवल उम्मीदों भरा रहा। नागपुर-गोवा एक्सप्रेस, अत्योदय एक्सप्रेस वाया नागपुर से चलने की उम्मीद अधिकारियों द्वारा की जा रही है। इसमें दोनों मंडल अंतर्गत कुल 38 स्टेशन पर सोलर पैनल की मदद से बिजली उत्पन्न कर स्टेशन व्यवस्था को चलाने की संभवना जताई गई है।
उम्मीद की बात बजट पेश होने के बाद भी इसलिए की जा रही है, क्योंकि पहली बार रेल बजट को आम बजट में शामिल किया गया। इससे छोटे-छोटे रेल मंडलों के झोली में क्या आया, इसका खुलासा नहीं हो पाया। बजट खत्म होने के 5 घंटे बाद भी मध्य रेलवे नागपुर मंडल व दपूम रेलवे नागपुर मंडल के अधिकारियों को बजट मंडल के लिए केवल संभवनाएं दिखी।
यहां तक कि कुल राशि का भी पता नहीं चल सका। मध्य रेलवे नागपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक बृजेश कुमार गुप्ता ने बताया कि बजट में केवल मंडल के लिए कितनी राशि मिलेगी, यह अभी कह नहीं सकते। वही दपूम रेलवे नागपुर के वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक अर्जुन कुमार सिब्बल ने भारतीय रेलवे में क्या बदलाव हो सकते हैं, इस बारे में जानकारी देकर 3 फरवरी को मंडल को मिली राशि के बारे में चर्चा करने की बात कही।
कोच मित्र सराहनीय कदम
वित्त मंत्री ने भारतीय रेल के इंफ्रास्ट्रक्चर में सुधार पर बल दिया है, जो प्रभावी कदम है। कोच मित्र योजना काफी दूरगामी है। 500 स्टेशनों को दिव्यांगों के अनुकूल बनाये जाने का एलान भी स्वागतयोग्य है। हमारी संस्था ने सरकार द्वारा 70 रेल स्टेशनों को अत्याधुनिक बनाये जाने की योजना में नागपुर को भी समाहित करने की मांग की है।
-बृजभूषण शुक्ला, महसचिव, रेल यात्री संघ व सदस्य जेड़आरयूसीसी
कुलियों को कुछ नहीं मिला
बजट कुलियों के लिए पूरी तरह से निराशाजनक रहा। गत कुछ वर्ष कुलियों की ओर ध्यान दिया गया था, लेकिन इस बार तो कुलियों के हित में कुछ भी नहीं आया है।
-अब्दुल मजिद, अध्यक्ष, कुली भारवाहक संघ