महाराष्ट्र में शुरू किया गया बोन मैरो दान अभियान
टाटा ट्रस्ट और महाराष्ट्र सरकार ने बोन मैरो (अस्थि मज्जा) दान अभियान शुरू किया है।
नागपुर, प्रेट्र। महाराष्ट्र सरकार और टाटा ट्रस्ट ने साझा प्रयास के तहत शनिवार को बोन मैरो (अस्थि मज्जा) दान अभियान शुरू किया। 'जीवन रक्षक सेना' नाम के इस अभियान का शुभारंभ केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, राज्य के स्वास्थ्य शिक्षा मंत्री गिरीश महाजन और टाटा ट्रस्ट के सचिव व मुख्य वित्तीय अधिकारी बीएस तारापोरवाला ने किया।
महाजन ने कहा, 'इस अभियान से लोगों में बोन मैरो ट्रांसप्लांट के बारे में जागरुकता बढ़ेगी। अभियान की मदद से दान करने वालों का एक डाटाबेस तैयार किया जाएगा ताकि ल्यूकेमिया, लिम्फोमा, थैलेसीमिया, एप्लास्टिक एनीमिया जैसे असाध्य रोगों से पीडि़त लोगों का इलाज किया जा सके।'
गडकरी ने कहा, 'उत्तरी नागपुर में ही करीब 40 हजार लोग सिकल सेल और थैलेसीमिया (ये दोनों रक्त से संबंधित बीमारी है) से पीडि़त हैं।' बोन मैरो दान अभियान की शुरुआत नागपुर के गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज और हॉस्पिटल (जीएमसीएच) से हुई। आने वाले सालों में इसे अन्य अस्पतालों में भी शुरू किया जाएगा।
जानिए क्या है बोन मैरो:
यह हड्डियों के आंतरिक भाग के लचीले ऊतक (कोशिकाओं का समूह) हैं, जिनसे लाल रक्त कोशिकाओं का निर्माण होता है। बोन मैरो के प्रत्यारोपण से कई गंभीर बीमारियां का इलाज किया जा सकता है।