पूर्व नगर सेवक समेत 3 के खिलाफ आचार संहिता का मामला दर्ज
मनपा चुनाव में आचार संहिता उल्लंघन के मामले बढ़ते जा रहे हैं। पूर्व नगर सेवक अब्दुल गनी खान भी आचार संहिता उल्लंघन मामले में फंसे।
नागपुर। मनपा चुनाव में आचार संहिता उल्लंघन के मामले बढ़ते जा रहे हैं। मंगलवार को तीन और लोगों के खिलाफ मामले दर्ज किए गए हैं। गांधीबाग जोन में 7 लोगों पर प्रकरण दर्ज करने की कार्रवाई जारी थी। पूर्व नगर सेवक अब्दुल गनी खान भी आचार संहिता उल्लंघन मामले में फंसे हैं। उन्होंने चुनावी पोस्टर बिजली के खंभे पर चस्पा किया है।
गांधीबाग जोन ने तहसील थाने में उनके खिलाफ मामला दर्ज कराया है। आशीनगर जोन ने बसपा के विजय कुमार गडपायले, राकांपा के अमोल वासनिक के खिलाफ पांचपावली थाने में प्रकरण दर्ज किया है। इसके अलावा एक अन्य मामले में गांधीबाग जोन द्वारा 7 लोगों के खिलाफ तहसील थाने में प्रकरण दर्ज कराने की कार्रवाई शुरू की है। अब तक आचार संहिता उल्लंघन के 17 मामले दर्ज हो चुके हैं।
गुड्डू, वडे, चौधरी समेत 9 ने भरा पर्चा
मनपा चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया जारी है। मंगलवार से यह जोर पकड़ने लगी है। मंगलवार को कुछ जाने-पहचाने चेहरों ने नामांकन दाखिल किया। नगर सेवक योगेश (गुड्डू) तिवारी, कमलेश चौधरी, पूर्व नगर सेवक शशिकला वडे सहित 9 लोगों ने नामांकन दाखिल किया। मंगलवार शाम तक कुल 15 नामांकन पत्र दाखिल हुए थे। 27 जनवरी से नामांकन की प्रक्रिया शुरू हुई है। ऑनलाइन नामांकन प्रक्रिया में अब भी परेशानी आ रही है। कई प्रत्याशी अभी पार्टियों की उम्मीदवार सूची का इंतजार कर रहे हैं। इस बीच सूची का इंतजार किए बिना कुछ पार्टी और कुछ निर्दलीय उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल करना शुरू कर दिया है। नगर सेवक योगेश श्रीकांत तिवारी ने मंगलवारी को हनुमाननगर जोन में प्रभाग 31-ड से नामांकन दाखिल किया। पूर्व नगर सेविका शशिकला चंदूलाल वडे ने धरमपेठ जोन अंतर्गत प्रभाग 14-अ से नामांकन भरा।
श्रीमती वडे भाजपा की टिकट से नगर सेविका चुनी गई थी। कुछ दिन पूर्व कांग्रेस का दामन थामने की जानकारी है।
नगर सेवक कमलेश दिलीप चौधरी ने भी धरमपेठ जोन अंतर्गत प्रभाग 14-क से नामांकन भरा। इसी तरह हरिश शंकर सोमलवार ने प्रभाग 14-क, राजू रामप्रसाद बैसवारे ने प्रभाग 13-क, नीता कमल सिंह यादव ने प्रभाग 13-ड, प्रमोद रामजी सोनकुसरे ने प्रभाग 5-ड, रोशन गिरधारीलाल पटेल ने प्रभाग 4-ड, अनिता नत्थूजी साखरकर ने प्रभाग 34-क से नामांकन दाखिल किया है। बुधवार से इस प्रक्रिया में और गति आने की संभावना है। महत्वपूर्ण पार्टियों की उम्मीदवार सूची भी घोषित होने की उम्मीद है।