जितिया पूजा करते समय कुएं में गिरीं महिलाएं, दो की मौत
विले पार्ले इलाके में अपने बच्चों की सलामती के लिए जितिया पूजा के लिए काफी संख्या में कुएं के पास एकत्रित हुई महिलाएं अचानक कुएं में गिर गयी।
मुंबई, एएनआइ। मुंबई के विले पार्ले इलाके में मंगलवार रात आठ बजे एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां के दीक्षित रोड पर पूजा करते समय कुछ महिलाएं कुएं में गिर गईं जिसमें दो महिलाओं की मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार, सात महिलाओं को बचा लिया गया है, वहीं दो को अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया। हादसे की जानकारी मिलने पर पुलिस और दमकल विभाग के कर्मचारी घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू कर दिया।
दरअसल ये महिलाएं कुएं की दीवार से लगकर पूजा कर रही थी और अचानक कुएं में गिर गईं, जिससे दो महिलाओं समेत एक बच्ची की मौत हो गई। जख्मी महिलाओं को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों के नाम माधवी पांडे (49 साल), रेणु यादव (20 साल) और दिव्या (3 साल) है।
सूत्रों के अनुसार, ये महिलाएं जितिया पूजा के लिए काफी संख्या में कुएं के पास एकत्रित हुई थी जिनमें से 18 महिलाएं कुएं में गिर गईं। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंच गए और बचाव अभियान शुरू कर दिया। मृतकों की संख्या और बढऩे का अंदेशा है।