Mumbai Rains: मुंबई में भारी बारिश की संभावना
Mumbai Rains. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक मुंबई में अलग-अलग स्थानों पर भारी से भारी बारिश होने की संभावना है। शुक्रवार को ठाणे और पालघर में भारी बारिश होने की संभावना है।
मुंबई, एएनआइ। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, मुंबई में अलग-अलग स्थानों पर भारी से भारी बारिश होने की संभावना है। शुक्रवार को ठाणे और पालघर में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। महाराष्ट्र में मानसून दस्तक दे चुका है, जिसके चलते कई स्थानों पर मामूली बारिश हो रही है। मुंबई में बुधवार रात के समय कई स्थानों पर हल्की तो कहीं मध्यम बारिश हुई। बारिश के कारण मुंबईवासियों को तपती गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण गुजरात और आसपास के इलाकों में चक्रवाती परिसंचरण है, ये परिसंचरण तेज होने वाला है। जिसके चलते 3 और 4 जुलाई को मानसून सक्रिय होगा जो 7 जुलाई तक जारी रहेगा। इससे मुंबई और उपनगरों में भारी व मध्यम बारिश होने के आसार हैं।
गौरतलब है कि गर्मी से बेहाल मुंबईवासियों को लंबे समय से बारिश का इंतजार था। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार उनका ये इंतजार खत्म होने वाला है। अगले दो से तीन दिनों में यहां लगातार बारिश की संभावना है। पिछले 24 घंटों की बात करें तो यहां के कोलाबा वेधशाला में 6 मिमी, सांताक्रूज में 9.4 मिमी और हाजी अली में लगभग 6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है। मानसून के सक्रिय होते ही तापमान में गिरावट दर्ज की गई है जिससे मुंबईवासियों को तपती गर्मी से निजात मिलेगी।
बता दें कि जुलाई माह में हर साल मुंबई में तेज बारिश होती है, परंतु इस साल मानसून कुछ देर से सक्रिय हो रहा है। इस कारण शहर के विभिन्न इलाकों में पानी की कमी हो गई है। मुंबई शहर को भाटसा, तानसा, अपर वैतरणा, मध्य वैतरणा, ठाणे नासिक बेल्ट पर मोदक सागर और तुलसी विहार झीलों से पानी की आपूर्ति की जाती है। यूं तो मानसून के दस्तक देते ही कुछ इलाकों में बारिश दर्ज की गई है लेकिन आने वाले दिनों में अच्छी बारिश का अनुमान लगाया जा रहा है।