कोविड नियमों का उल्लंघन: भाजपा विधायक महेश लांडगे समेत 60 लोगों पर मामला दर्ज
Violation Of Covid Rules पुणे में एक शादी समारोह में कोविड नियमों की अनदेखी करने के मामले में महाराष्ट्र पुलिस (Maharashtra Police) ने भाजपा विधायक महेश लांडगे (BJP MLA Mahesh Landge) सहित 60 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुणे, एएनआइ। महाराष्ट्र पुलिस (Maharashtra Police) ने पुणे (Pune) में एक शादी समारोह ( Wedding Ceremony ) में कोविड नियमों का उल्लंघन (Violation Of Covid Rules) करने के आरोप में भाजपा विधायक महेश लांडगे (BJP MLA Mahesh Landge) सहित 60 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। गौरतलब है कि कोरोना महामारी को नियंत्रित करने के लिए सरकार ने लोगों से इसके प्रोटोकॉल का पालन करने के लिए कहा है। जिसके अंतर्गत भीड़ से दूर रहना, मास्क लगाना और शारिरिक दूरी बनाये रखना मुख्य है। सरकार ने शादी समारोह के लिए भी गाइडलाइन जारी की है। लेकिन इन सबके बावजूद भी लोग इन नियमों की जमकर अनदेखी कर रहे हैं। आये दिन शादी समारोह का आयोजन भी किया जा रहा है और इन नियमों की धज्जियां भी उड़ाई जा रही हैं।
बता दें कि इससे पहले भी महाराष्ट्र के पुणे शहर में भाजपा विधायक की शादी में सुरक्षित शारीरिक दूरी के नियमों का जमकर उल्लंघन किया गया था। कोरोना महामारी के बीच इस शादी समारोह में सैकड़ों लोग शामिल हुए थे और कई वरिष्ठ नेताओं समेत लोग बिना मास्क के नजर आ रहे थे।
इस विवाह समारोह का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था इसमें महाराष्ट्र के कई बड़े नेताओं समेत भाजपा प्रमुख चंद्रकांत पाटिल और सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस बिना मास्क पहने करीबी लोगों के साथ देखे गए थे। ये शादी समारोह सोलापुर जिले के मालशिरस विधानसभा क्षेत्र से पहली बार विधायक बने राम सतपुते का था। इसका आयोजन पुणे के एरंडवेन इलाके में किया गया था। इस वीडियो में साफ नजर आ रहा था कि कोई भी शारिरिक दूरी का पालन नहीं कर रहा था और न ही किसी ने मास्क लगा रखा था।