Coronavirus Cases in Children: महाराष्ट्र के अहमदनगर में 9928 बच्चे कोरोना संक्रमित, डराने लगे आंकड़े
Coronavirus Cases in Children महाराष्ट्र के अहमदनगर में मई में 9928 बच्चे कोरोना संक्रमित पाये गए हैं। इन मामलों को देखकर लगने लगा है कि महाराष्ट्र में कोरोना की तीसरी लहर ने दस्तक दे दी है। हालांकि कोई गंभीर केस अभी सामने नहीं आया है।
अहमदनगर, एएनआइ। महाराष्ट्र में कोरोना की तीसरी लहर दस्तक देती नजर आ रही है। अहमदनगर में मई में 9,928 बच्चे कोरोना संक्रमित पाये गए हैं। सिविल सर्जन सुनील पोखरना ने कहा, "कुल पॉजिटिवी रेट में वृद्धि के कारण बच्चों की पॉजिटिविटी रेट में वृद्धि हुई है। अप्रैल में 7,760 बच्चे कोरोना संक्रमित पाये गए थे, हालांकि कोई गंभीर मामला सामने नहीं आया था। लेकिन प्रशासन के माथे पर चिंता की लकीरें बढ़ने लगी है। बता दें कि इस बारे में वैज्ञानिकों का मत है कि कोरोना की तीसरी लहर बच्चों के लिए बेहद घातक साबित होगी।
राज्य सरकार लगभग 2 माह से तीसरी लहर से मुकाबले की तैयारियों में लगे होने का दावा कर रही थी। बच्चों में तेजी से बढ़ रहे संक्रमण को देखते हुए सांगली समेत कई जिलों में बच्चों के लिए स्पेशल कोरोना वार्ड तैयार किए जा रहे हैं। अहमदनगर में अचानक इतने अधिक मामले सामने आने से प्रशासन की चिंता बढ़ गई है, जिला प्रमुख राजेंद्र भोंसले ने भी चिंता व्यक्त की है। ज्ञात हो कि इससे इससे पहले बच्चों में संक्रमण के ज्यादा मामले राजस्थान में दर्ज किए गए थे।