SC में 12 भाजपा विधायकों का निलंबन रद होने पर देवेंद्र फडणवीस ने जतायी खुशी, कहा- निर्णय का स्वागत
महाराष्ट्र विधानसभा से निलंबित भाजपा के 12 विधायकों का निलंबन सुप्रीम कोर्ट ने रद कर दिया है। कोर्ट ने जुलाई 2021 में आयोजित सत्र की शेष अवधि से परे महाराष्ट्र विधानसभा के 12 भाजपा विधायकों को निलंबित करने का प्रस्ताव को असंवैधानिक और तर्कहीन बताया
मुंबई, एएनआइ। भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस ने खुशी जताते हुए कहा कि हम सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत करते हैं। सुप्रीम कोर्ट ने महाराष्ट्र सरकार के 12 विधायकों को निलंबित करने के असंवैधानिक व्यवहार को अवैध और तर्कहीन बताया है। सरकार को शर्म आनी चाहिए। बता दें कि महाराष्ट्र विधानसभा से निलंबित भाजपा के 12 विधायकों को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। सुप्रीम कोर्ट ने महाराष्ट्र विधानसभा से भाजपा के 12 विधायकों के एक साल के निलंबन को असंवैधानिक बताते हुए रद कर दिया है। कोर्ट ने कहा कि निलंबन केवल मौजूदा मानसून सत्र (जुलाई 2021) के लिए ही किया जा सकता है। बता दें कि जुलाई 2021 में आयोजित एक सत्र में महाराष्ट्र विधानसभा के स्पीकर भास्कर जाधव ने भाजपा के 12 विधायकों को एक वर्ष की अवधि के लिए निलंबित कर दिया था। विधायकों के अनैतिक व्यवहार और सदन में हंगामा करने के कारण उन्हें निलंबित कर दिया गया था।