Mumbai Weather Update: महाराष्ट्र में मानसून की दस्तक, मुंबई समेत कई इलाकों में मूसलाधार बारिश की संभावना
Mumbai Weather Rain Update महाराष्ट्र में मानसून की दस्तक के साथ ही मौसम विभाग ने मुंबई पालघर ठाणे रायगढ़ सिंधुदुर्ग और रत्नागिरी जिलों में बारिश की संभावना जतायी है।
मुंबई, जेएनएन। मौसम विभाग ने मुंबई और आस-पास के इलाकों में पिछले 24 घंटे से हो रही बारिश को देखते हुए, दोपहर 1:00 बजे तक यहां अधिकतम बारिश होने की संभावना जतायी है। वहीं ठाणे और पश्चिम मुंबई में मध्यम बारिश की उम्मीद है। आने वाले सप्ताह में पश्चिमी तट की ओर वर्षा के बढ़ने के संकेत है।
महाराष्ट्र के सभी हिस्सों में मानसून आ चुका है। अगले पांच दिनों में राज्य में अच्छी बारिश होगी। कोंकण, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और विदर्भ में भारी वर्षा होने की संभावना: शुभांगी भूटे, वैज्ञानिक भारत मौसम विभाग, मुंबई
इन जिलों में भारी बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को नासिक, पुणे, सतारा और कोल्हापुर में भारी बारिश की संभावना है। अगले 48 घंटों में मानसून के मध्य अरब सागर, छत्तीसगढ़, गुजरात, झारखंड, बिहार और उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों समेत उत्तर अरब सागर तक पहुंचने की पूरी आशंका है।
गर्मी से बेहाल मुंबईवासी बीते कई दिनों से मानसून का इंतजार कर रहे थे। रविवार को हुई बारिश से लोगों को इस गर्म मौसम में कुछ राहत मिली है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार महाराष्ट्र में मानसून दस्तक दे चुका है। मुंबई, पालघर, ठाणे, रायगढ़, सिंधुदुर्ग और रत्नागिरी जिलों के अधिकांश इलाकों में सोमवार को मूसलाधार बारिश होने की पूरी संभावना है। गौरतलब है कि देश के ज्यादातर पश्चिमी और मध्य इलाकों तक मानसून पहुंच चुका है। हालांकि इस सप्ताह इसके धीमी गति से आगे बढ़ने की संभावना जतायी जा रही है। मुंबई में मानसून ने दस्तक दे दी है ऐसे में आज तटीय क्षेत्रों में बारिश होने की पूरी आशंका है।
प्री-मॉनसून बारिश से COVID-19 अस्पताल में भरा पानी
#WATCH Maharashtra: Rainwater entered the emergency ward of Dr Ulhas Patil Medical College and Hospital in Jalgaon yesterday. According to hospital authorities, 7-8 patients who were admitted in the ward were safely evacuated. pic.twitter.com/rUml6qZfVJ — ANI (@ANI) June 15, 2020
महाराष्ट्र के जलगांव जिले में रविवार को हुई भारी प्री-मॉनसून बारिश के कारण कोविड-19 अस्पताल के भूतल में पानी भर गया था, जिसके कारण मरीजों को आधी रात में ऊपरी मंजिलों में ले जाना पड़ा। अस्पताल के अधिकारी ने बताया कि ग्राउंड फ्लोर पर 12 मरीज थे। बारिश का पानी भर जाने के कारण उन्हें ऊपरी मंजिल पर बने आपातकालीन वार्ड में स्थानांतरित किया गया। देर रात हुई बारिश के कारण यहां घुटनों तक पानी भर गया था।