विधानसभा के बाहर गूंजा पंकजा पंकजा, यस पापा...
महाराष्ट्र विधानसभा के बाहर सोमवार को विरोधी दलों ने अंग्रेजी कविताओं की पैरोडी गाकर उन भाजपाई मंत्रियों की खिल्ली उड़ाई, जिनपर पिछले दिनों भ्रष्टाचार के आरोप लगे हैं। महाराष्ट्र विधानमंडल के पावस सत्र की शुरुआत सोमवार से हुई।
मुंबई [राज्य ब्यूरो]। महाराष्ट्र विधानसभा के बाहर सोमवार को विरोधी दलों ने अंग्रेजी कविताओं की पैरोडी गाकर उन भाजपाई मंत्रियों की खिल्ली उड़ाई, जिनपर पिछले दिनों भ्रष्टाचार के आरोप लगे हैं।
महाराष्ट्र विधानमंडल के पावस सत्र की शुरुआत सोमवार से हुई। जैसी कि उम्मीद की जा रही थी, कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के विधायकों ने विधानभवन की सीढिय़ों पर सुबह ही धरना शुरू कर दिया था। उनके हाथों में भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरे भाजपाई मंत्रियों के विरुद्ध पोस्टर लहरा रहे थे। साथ ही सभी विधायक एक सुर से एक अंग्रेजी कविता की पैरोडी गा रहे थे, जिसके बोल थे-
पंकजा पंकजा, यस पापा
ईटिंग चिक्की, यस पापा।
तावड़े तावड़े, यस पापा,
बोगस डिग्री, यस पापा।
लोणीकर लोणीकर, यस पापा
दोन दोन बायका (पत्नी) , हा हा हा।
इस प्रकार की और भी कई पैरोडियां विरोधी दल के विधायक एक सुर से काफी देर तक गाते रहे। बता दें कि राज्य की महिला एवं बालविकास मंत्री पंकजा मुंडे पर राज्य की आंगनवाडिय़ों के लिए चिक्की (गुड़ की पपड़ी) सहित कुछ और वस्तुओं की खरीदी में घालमेल का आरोप लग रहा है। इसी प्रकार शिक्षा मंत्री विनोद तावड़े पर विपक्ष फर्जी डिग्री रखने एवं एक अन्य मंत्री लोणीकर पर दो पत्नियां रखने का आरोप लगा रहा है। माना जा रहा है कि आठ महीने पुरानी देवेंद्र फडऩवीस सरकार को पावस सत्र के दौरान इन सभी आरोपों पर मुश्किलों का सामना करना पड़ेगा।
इन आरोपों के अलावा कांग्रेस-राकांपा राज्य के किसानों की कर्ज माफी का मुद्दा भी जोर-शोर से उठा रही हैं। उनका कहना है कि वर्ष 2008 में तत्कालीन कांग्रेसनीत केंद्र सरकार ने किसानों को कर्ज माफी का तोहफा दिया था। जिसके कारण किसानों को काफी राहत मिली थी। लेकिन अब केंद्र एवं राज्य में भाजपानीत सरकारों के कार्यकाल में किसानों की आत्महत्याएं रोकने के लिए कोई कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। किसानों के मुद्दे पर कांग्रेस राकांपा विधानमंडल के दोनों सदनों सहित राज्य भर में सड़क पर उतरकर आंदोलन की भूमिका बना रही है।