Mukesh Ambani के घर के बाहर खड़ी एसयूवी में मिले पत्र को लेकर मुंबई पुलिस का बयान- लगता है किसी ने किया मजाक
मुकेश अंबानी (Mukesh Ambani) के घर के बाहर बीते 25 फरवरी को खड़ी एसयूवी को लेकर मुंबई पुलिस का कहना है कि लगता है किसी ने मजाक किया है। बता दें कि इस अज्ञात वाहन में 20 जिलेटिन की छड़ें पायी गई थी और धमकी भरा पत्र भी मिला था।
मुंबई, पीटीआइ। देश के प्रमुख उद्योगपति, रिलायंस इंडस्ट्रीज के मालिक मुकेश अंबानी के घर Antilia के करीब विस्फोटक के साथ वाहन खड़ा करने की जिम्मेदारी लेने वाले पत्र को लेकर मुंबई पुलिस का कहना है कि ये फर्जी प्रतीत होता है। मुंबई पुलिस ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि 28 फरवरी (रविवार) को टेलीग्राम ऐप पर डाले गए पत्र में आतंकी संगठन ‘जैश उल हिंद’ (Jaish-ul-Hind) ने वाहन खड़ी करने की जिम्मेदारी ली थी।
मुंबई पुलिस के अनुसार उसी दिन शाम एक पत्र सामने आया था, जिसमें दावा किया गया था कि वह असली जैश उल हिंद है और उसने पहले वाला पत्र नहीं भेजा है, उसका मुकेश अंबानी के घर के बाहर खड़े वाहन से कोई संबंध नहीं है। मुंबई पुलिस ने भी इस बारे में जांच पड़ताल की लेकिन कुछ नहीं मिला। इसे लेकर पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी का कहना है कि ऐसा लग रहा है किसी ने मजाक किया है।
जबकि पहले जैश-उल-हिंद के नाम से भेजे गए पत्र में अंबानी के घर के बाहर खड़ी एसयूवी खड़ी करने की जिम्मेदारी ली गई थी जिसमें विस्फोटक पाया गया था। बता दें कि जैश-उल-हिंद नामक आतंकी संगठन ने ये जिम्मेदारी ली थी। इस आतंकी संगठन ने 28 फरवरी को सोशल मैसेजिंग ऐप ‘टेलीग्राम’पर एक संदेश पोस्ट किया था। जिसके अनुसार अंबानी के घर के करीब यह ‘स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल’खड़ा किया था। सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर होते ही मुंबई पुलिस ने तुरंत संज्ञान लिया। 25 फरवरी की शाम रिलायंस इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष मुकेश अंबानी के घर के बाहर खड़ी एसयूवी में जिलेटिन की 20 छड़े बरामद हुई थीं।