महाराष्ट्र में आइएएस अधिकारी ने पत्नी को गोली मारने के बाद आत्महत्या की
maharashtra. महाराष्ट्र में आइएएस अधिकारी ने पत्नी को गोली मारने के बाद आत्महत्या कर ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मुंबई, प्रेट्र। महाराष्ट्र में एक आइएएस अधिकारी ने शुक्रवार को पत्नी को गोली मारने के बाद आत्महत्या कर ली। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।
57 वर्षीय आइएएस अधिकारी ने कथित रूप से आत्महत्या कर ली। इससे पहले शुक्रवार सवेरे अधिकारी ने एयर गन से पत्नी पर दो बार गोली चलाई और उन्हें घायल कर दिया। यह घटना महाराष्ट्र के सोलापुर जिले में घटी है।
एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि विजय कुमार भागवत पवार ने सोलापुर के मानगालवेधा कस्बे के मारवाडे में गोली मारकर पत्नी को घायल कर दिया। इसके बाद उन्होंने फांसी लगा ली। भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी राज्य के कौशल विकास विभाग में पदस्थ थे। इससे पहले वह नंदुबार जिले के कलेक्टर रह चुके थे।
अधिकारी ने कहा, 'पड़ोसियों ने पवार के घर से गोली चलने की आवाज सुनी। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दे दी। पति-पत्नी को अस्पताल ले जाया गया जहां पवार को मृत घोषित कर दिया गया। सोनाली पवार गोली लगने से घायल हो गई हैं और उनका इलाज किया जा रहा है।' पुलिस मामले की जांच कर रही है।