Maharashtra MLC Election 2020: उद्धव सहित आठ निर्विरोध निर्वाचित
Maharashtra MLC Election 2020 मुख्यमंत्री बने रहने के लिए उद्धव ठाकरे को 27 मई तक विधान मंडल के दो में से एक सदन की सदस्यता लेना अनिवार्य था।
राज्य ब्यूरो, मुंबई। Maharashtra MLC Election 2020: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे सहित आठ लोग वीरवार को विधान परिषद के लिए निर्विरोध निर्वाचित हो गए। अपरान्ह तीन बजे नाम वापसी की अवधि समाप्त होने के बाद सभी को निर्वाचित घोषित कर दिया गया।
मुख्यमंत्री बने रहने के लिए उद्धव ठाकरे को 27 मई तक विधान मंडल के दो में से एक सदन की सदस्यता लेना अनिवार्य था। क्योंकि 28 नवंबर, 2019 को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के समय वह किसी भी सदन के सदस्य नहीं थे। उद्धव के साथ ही भाजपा की ओर से रणजीत सिंह मोहिते पाटिल, गोपीचंद पडलकर, प्रवीण दाटके एवं रमेश कराड, शिवसेना की नीलम गोरे, राष्ट्रवादी कांग्रेस के शशिकांत शिंदे एवं अमोल मिटकरी तथा कांग्रेस के राजेश राठौड़ भी विधान परिषद के लिए निर्वाचित घोषित किए गए हैं। विधान परिषद की नौ सीटों के लिए ये चुनाव 24 अप्रैल को खाली हुई इतनी ही सीटों के कारण कराने पड़े थे। उद्धव ठाकरे पहली बार किसी सदन के सदस्य बने हैं। पिछले विधान सभा चुनाव में उनके पुत्र आदित्य ठाकरे मुंबई की वरली विधानसभा सीट से चुनाव जीत कर ठाकरे परिवार से सदन में पहुंचने वाले पहले सदस्य बने थे।
विधान परिषद चुनाव के दौरान जहां भाजपा में आपसी टकराव नजर आया, वहीं उद्धव ठाकरे को भी एक बार चुनाव न लड़ने की धमकी देनी पड़ी थी। कांग्रेस द्वारा दो उम्मीदवारों की घोषणा करने के बाद चुनाव की नौबत आ रही थी। जिसके कारण उद्धव ठाकरे ने खुद चुनाव न लड़ने का प्रस्ताव रख दिया था। इसके बाद कांग्रेस को अपना एक उम्मीदवार वापस लेना पड़ा। इसी प्रकार भाजपा में भी अपने वरिष्ठ नेताओं को नजरंदाज कर अन्य दलों से आए नए लोगों को टिकट देने से उपजी नाराजगी सतह पर आने लगी है। वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री एकनाथ खडसे ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल पर हमला बोलते हुए कहा है कि महाराष्ट्र भाजपा को मजबूत करने में पाटिल की कोई भूमिका नहीं रही है। उन्हें भाजपा में आए सिर्फ चार-पांच वर्ष ही हुए हैं।