Move to Jagran APP

Maharashtra: महाराष्ट्र के गृहमंत्री बोले, देश छोड़कर जा सकते हैं परमबीर सिंह; लुकआउट नोटिस जारी

Maharashtra महाराष्ट्र के गृहमंत्री दिलीप वलसे पाटिल ने शुक्रवार शाम पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि आशंका जताई जा रही है कि परमबीर सिंह देश छोड़कर जा सकते हैं लेकिन इस बात के कोई ठोस सबूत नहीं हैं।

By Sachin Kumar MishraEdited By: Published: Fri, 01 Oct 2021 07:31 PM (IST)Updated: Fri, 01 Oct 2021 07:31 PM (IST)
महाराष्ट्र में मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त परमबीर सिंह। फाइल फोटो

मुंबई, राज्य ब्यूरो। महाराष्ट्र में मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त परमबीर सिंह के विरुद्ध लुकआउट नोटिस जारी किया गया है। क्योंकि पुलिस को शक है कि वह देश छोड़कर जा सकते हैं। महाराष्ट्र के गृहमंत्री दिलीप वलसे पाटिल ने शुक्रवार शाम पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि आशंका जताई जा रही है कि परमबीर सिंह देश छोड़कर जा सकते हैं, लेकिन इस बात के कोई ठोस सबूत नहीं हैं। पाटिल के अनुसार, किसी सरकारी अधिकारी को विदेश यात्रा करने से पहले सरकार से अनुमति लेनी होती है। यहां तक कि मुख्यमंत्री भी सरकारी अनुमति की बिना विदेश नहीं जा सकते। यदि इसके बावजूद परमबीर सिंह विदेश जाते हैं तो यह ठीक नहीं होगा। बता दें कि फिलहाल पुलिस महानिदेशक होमगार्ड्स की जिम्मेदारी निभा रहे परमबीर सिंह को पिछले कई दिनों से मुंबई में नहीं देखा गया है। उनके द्वारा राज्य के तत्कालीन गृहमंत्री अनिल देशमुख पर लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोपों के बाद से प्रवर्तन निदेशालय एवं सीबीआई देशमुख की जांच कर रहे हैं।

loksabha election banner

राज्य सरकार ने भी इस मामले की जांच के लिए सेवानिवृत्त न्यायाधीश कैलाश उत्तमचंद चांदीवाल के नेतृत्व में एक सदस्यीय जांच आयोग का गठन कर दिया था। आयोग परमबीर को हाजिर होने के लिए कई सम्मन भेज चुका है। लेकिन परमबीर सिंह आयोग के सामने हाजिर नहीं हुए। तब आयोग को उनके खिलाफ जमानती वारंट भी निकालना पड़ा है। इसके बावजूद परमबीर को अभी तक खोजा नहीं जा सका है। गृहमंत्री पर 100 करोड़ रुपे हर महीने की वसूली का आरोप लगाने के बाद से परमबीर सिंह के विरुद्ध भी भ्रष्टाचार एवं वसूली के मामलों में प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी हैं। ये रिपोर्ट पुलिस विभाग के ही दो निरीक्षकों द्वारा दर्ज कराई गई हैं। इन मामलों में भी पुलिस को पूर्व पुलिस आयुक्त की तलाश है, लेकिन वह लंबे समय से मुंबई में नहीं देखे जा रहे हैं। इस कारण इन दिनों चर्चा है कि परमबीर सिंह देश छोड़ कर जा सकते हैं।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.