मुंबई को मिनी पाकिस्तान बताने वाली कंगना क्या अहमदाबाद के बारे में कह सकती है ये बात: संजय राउत
अभिनेत्री कंगना रनौत और संजय राउत का विवाद बढ़ता ही जा रहा है राउत का कहना है कि मुंबई को मिनी पाकिस्तान बतानी वाली कंगना क्या अहमदाबाद के बारे में ऐसा कह सकती है।
मुंबई, एएनआइ। शिवसेना नेता संजय राउत और अभिनेत्री कंगना रनौत के बीच जुबानी जंग लगातार जारी है। संजय राउत का कहना है कि कंगना ने मुंबई के बारे में जो कहा है क्या वही बात वो अहमदाबाद को लेकर भी कह सकती है। राउत का कहना है कि अगर वह लड़की महाराष्ट्र से माफी मांगेगी, तो मैं इसके बारे में सोचूंगा। वह मुंबई को मिनी पाकिस्तान कहती है। क्या उसे अहमदाबाद के बारे में ऐसा ही कहने की हिम्मत है?
क्या है पूरा मामला
कंगना रनौत ने अपने ट्विटर हैंडल पर एक ट्वीट कर कहा था कि उन्हें शिवसेना नेता संजय राउत ने खुलेआम धमकी देते हुए मुंबई ना आने के लिए कहा है। इसके साथ ही कंगना ने ये भी लिखा था कि ' संजय राउत ने मुझे धमकाते हुए लिखा है कि मुंबई वापस न आऊं।'
कंगना के इस ट्वीट पर शिवसेना नेता और राज्यसभा सांसद संजय राउत ने बयान जारी करते हुए कंगना पर पलटवार करते हुए कहा ट्विटर पर बयानबाजी करने की बजाय सबूतों के साथ पुलिस और सरकार से संपर्क करना चाहिए और ये साबित करना चाहिए कि उन्हें ये धमकी मिली है।
गौरतलब है कि शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा था कि जिस शहर में कंगना रह रही हैं, जिस शहर में आप रहते हैं। जहां आप रोजी रोटी कमाते हो उस शहर और पुलिस के बारे में आप अपशब्द कह रहे हो। मुंबई पुलिस ने हमेशा अपना फर्ज् निभाया लोगों की मदद की। कसाब को पकड़ा, कोरोना के संकट काल में 50 से ज्यादा पुलिसवालों ने अपनी जान दी और उस मुंबई पुलिस के बारे में वह ऐसी बातें कर रही हैं।