महाराष्ट्र में रिकवरी दर में सुधार, मौत के आंकड़े भी गिरे : राजेश टोपे
Coronavirus in Maharashtra महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे का कहना है कि राज्य में उपचार के बदलते प्रोटोकॉल के कारण कोरोना से मरने वालों की संख्या में भी गिरावट आयी है और राज्य का रिकवरी रेट में भी सुधार देखा गया है।
जालना, पीटीआइ। महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने रविवार को जिले के पर्तुर में संवाददाताओं से बातचीत करते हुए जानकारी दी कि राज्य में COVID-19 रिकवरी दर में सुधार हुआ है और उपचार में बदलते प्रोटोकॉल के कारण मृत्यु दर में गिरावट आई है। उन्होंने कहा कि राज्य में शनिवार को लगभग 14,000 नए मामले सामने आए हैं, जबकि 19,000 से अधिक मरीज इस बीमारी से संक्रमित होने के बाद स्वस्थ होने की सूचना मिली। "इससे पता चलता है कि वसूली दर में सुधार हुआ है।" टोपे ने कहा कि "यह सुधार उपचार और दवाओं में बदलते प्रोटोकॉल के कारण हुआ है, इसकी वजह से COVID-19 रोगियों की मृत्यु दर में भी गिरावट आयी है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार महाराष्ट्र में रविवार को कोरोना के 13,702 ताजा मामले दर्ज किए गए थे, जिससे राज्य के संक्रमित मरीजों की कुल संख्या बढ़कर 14,43,409 तक पहुंच गयी थी। जबकि राज्य में मौत का आंकड़ा 38,084 तक पहुंच चुका है।
स्वास्थ्य मंत्री टोपे ने कहा कि, मुंबई COVID हॉटस्पॉट है लेकिन यहां भीड़भाड़ अधिक होने के कारण, सामाजिक दूरी बनाए रखना मुश्किल है जिसकी वजह से संक्रमण बढ़ रहा है। "अब मुंबई में लोकल ट्रेनों की आवृत्ति भी बढ़ गयी है और रेस्तरां भी खुल रहे हैं। लेकिन लोगों को मानदंडों का पालन करना होगा और स्वास्थ्य की रक्षा के लिए खुद को वायरस से बचाना होगा।
गौरतलब है कि महाराष्ट्र में 5 अक्टूबर से सिनेमाघर, बार और रेस्टोरेंट भी खोले जा रहे हैं लेकिन इसके लिए सरकार द़वारा जारी की गयी गाइडलाइन का पालन करना होगा। सरकार ने ये अनुमति 50 प्रतिशत क्षमता के साथ खोलने के लिए दी है। इसके साथ ही सरकार ने कोरोना के मामलों को देखते हुए राज्य के कंटेनमेंट जोन में लॉकडाउन की समय अवधि भी 31 अक्टूबर तक के लिए बढ़ा दी है।