Maharashtra Rain: भारी बारिश से पुणे में बाढ़ जैसे हालात, उद्धव व फडणवीस ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का किया दौरा
Maharashtra Rain भारी बारिश की वजह से महाराष्ट्र में पुणे में बाढ़ जैसे हालात बन गए। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने शोलापुर जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस भी बाढ़ प्रभावित दौरे पर हैं।
मुंबई, एएनआइ। Maharashtra Rain: महाराष्ट्र में भारी बारिश की वजह से पुणे के उरूली कांचन, शिंदवने और वलाती गांव में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। इस बीच, मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने शोलापुर जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया और स्थानीय निवासियों से मुलाकात करते हुए स्थिति की समीक्षा की। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस पश्चिमी महाराष्ट्र और मराठवाडा में बाढ़ व भारी बारिश से प्रभावित इलाकों के तीन दिवसीय दौरे पर हैं। भारी बारिश और बड़े बांधों से पानी छोड़े जाने की वजह से कर्नाटक के कई हिस्सों में बाढ़ के हालात शुक्रवार को भी गंभीर बने रहे। जबकि पड़ोसी राज्य महाराष्ट्र में भारी बारिश और बाढ़ से पिछले तीन दिनों में 47 लोगों की जान जा चुकी है और लाखों हेक्टेयर फसलों को नुकसान हुआ है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से बात की और केंद्र की ओर से हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।
#WATCH: Flood-like situation in parts of Pune after heavy rainfall in the area.#Maharashtra pic.twitter.com/A59NRzJO7B— ANI (@ANI) October 19, 2020
कर्नाटक में राज्य का उत्तरी हिस्सा बाढ़ से सबसे ज्यादा प्रभावित है। इनमें बेलगावी, कलबुर्गी, रायचूर, यादगिर, कोप्पल, गढ़ग, धारवाड़, बागलकोट, विजयपुर और हावेरी शामिल हैं। उधर, महाराष्ट्र में पिछले तीन दिनों में भारी बारिश के चलते पश्चिमी महाराष्ट्र के पुणे संभाग में 28, मध्य महाराष्ट्र के औरंगाबाद संभाग में 16 और तटीय कोंकण में तीन लोगों की जान जा चुकी है। 2,300 से ज्यादा घर क्षतिग्रस्त हुए हैं और 21,000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। पुणे, सोलापुर, सतारा और सांगली जिलों में 57,000 हेक्टेयर में गन्ना, सोयाबीन, सब्जी, धान, अनार और कपास जैसी फसलों को नुकसान हुआ है।
#WATCH महाराष्ट्र: पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस पश्चिमी महाराष्ट्र और मराठवाडा में भारी बारिश से प्रभावित इलाकों के तीन दिवसीय दौरे पर हैं। pic.twitter.com/tD1JbYK78a— ANI_HindiNews (@AHindinews) October 19, 2020
तेलंगाना के हैदराबाद में अली नगर निवासी मुहम्मद अब्दुल ताहिर के परिवार के पांच लोगों के शव शुक्रवार को मिल गए। दो दिन पहले भारी बारिश के कारण आई बाढ़ के तेज बहाव में ये सभी बह गए थे। कुरैशी के दामाद मुहम्मद उमर ने बताया कि अपने घर के पास पानी बढ़ता देख परिवार पड़ोस के एक अपार्टमेंट में जाने के लिए निकला था। मारे गए पांच लोगों में कुरैशी के एक भाई, तीन बहुएं और एक पोती शामिल हैं। उनके दो बेटे और एक पोता अभी भी लापता हैं।