Mumbai Building Collapse: मुंबई के बांद्रा में ढही बहुमंजिला इमारत, सात लोगों को बचाया गया
Mumbai Building Collapse मुंबई के बांद्रा में बुधवार को एक बहुमंजिला इमारत गिरने से तीन महिलाओं समेत सात लोगों को बचा लिया गया। अधिकारियों ने कहा कि पश्चिमी उपनगर के बेहराम नगर में दोपहर करीब साढ़े तीन बजे ग्राउंड प्लस चार मंजिला ढांचा ढह गया।
मुंबई, प्रेट्र/एएनआइ। महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के बांद्रा में बुधवार को एक बहुमंजिला इमारत गिरने से तीन महिलाओं समेत सात लोगों को बचा लिया गया। बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) के मुताबिक, मुंबई के बांद्रा में ढही इमारत से सात घायलों को बचाया गया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है। घायलों की हालत स्थिर है। पश्चिमी उपनगर के बेहराम नगर में दोपहर करीब साढ़े तीन बजे ग्राउंड प्लस चार मंजिला ढांचा ढह गया। दमकल और पुलिस के जवान तुरंत मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया। मलबे से तीन महिलाओं समेत कुल छह लोगों को बाहर निकाला गया। इनमें से दो महिलाओं सहित चार को वीएन देसाई अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक महिला समेत अन्य दो को भाभा अस्पताल भेजा गया। सभी की हालत स्थिर है और यह पता लगाने के लिए तलाश अभियान जारी है कि क्या और लोग मलबे में दबे हैं। आधा दर्जन एंबुलेंस, दमकल की पांच गाड़ियां और एक बचाव वैन घटनास्थल पर भेजी गई है।
#WATCH | Visuals from the site of 5-storey building collapse in Behram Nagar locality of Bandra (East), Mumbai.
Five people are feared trapped in the building, as per BMC pic.twitter.com/J5MXuAmIdn— ANI (@ANI) January 26, 2022
गौरतलब है कि इससे पहले मुंबई के ताड़देव इलाके की एक बहुमंजिली इमारत कमला बिल्डिंग में गत दिनों आग लगने से छह लोगों की मौत हो गई थी और 23 अन्य घायल हुए थे। आग लगने का कारण शार्टसर्किट बताया गया था। घटना के बाद मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने घटना की जांच के लिए एक कमेटी बनाई थी। शनिवार सुबह 7.30 बजे मध्य मुंबई के ताड़देव इलाके में गोवलिया टैंक के पास भाटिया अस्पताल के सामने 20 मंजिला कमला बिल्डिंग की पंद्रहवीं व सोलहवीं मंजिल पर धुआं उठते देखा गया। पुलिस के अनुसार थोड़ी देर में ही लपटें 19वीं मंजिल तक जा पहुंचीं। सूचना मिलने पर अग्निशमन दल की 15 गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू कर दिया, लेकिन आग व धुएं की चपेट में आए करीब 30 लोगों को निकट के अस्पतालों में पहुंचाना पड़ा। वहां छह लोगों ने दम तोड़ दिया। मुंबई के अग्निशमन अधिकारी हेमंत परब ने पत्रकारों को बताया है कि इस इमारत में फायर फाइटिंग सिस्टम काम नहीं कर रहा था।