Coronavirus: अब महाराष्ट्र सरकार अपना पैकेज घोषित करे: देवेंद्र फड़नवीस
Coronavirus. देवेंद्र फड़नवीस के नेतृत्व में महाराष्ट्र के भाजपा नेताओं ने मंगलवार को राज्यपाल कोश्यारी से मुलाकात की
राज्य ब्यूरो, मुंबई। Coronavirus. महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष देवेंद्र फड़नवीस ने मंगलवार को महाराष्ट्र भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के साथ राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से मुलाकात की। फड़नवीस ने राज्य सरकार से राज्य के विभिन्न वर्गों के लिए आर्थिक सहायता घोषित करने की मांग भी की है।
देवेंद्र फड़नवीस के नेतृत्व में महाराष्ट्र के भाजपा नेताओं ने मंगलवार को राज्यपाल कोश्यारी से मुलाकात की और कहा कि महाराष्ट्र विकास आघाड़ी सरकार की नाकामियों के कारण ही महाराष्ट्र में कोविड-19 के रोगियों की संख्या बढ़ती जा रही है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष शरद पवार ने केंद्र सरकार से आर्थिक पैकेज की मांग की थी। प्रधानमंत्री यह पैकेज घोषित कर चुके हैं। अब मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को भी राज्य के विभिन्न वर्गों के लिए आर्थिक पैकेज की घोषणा करनी चाहिए।
फड़नवीस के अनुसार, अब शरद पवार को मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को भी ऐसा पैकेज घोषित करने के लिए पत्र लिखना चाहिए। फड़नवीस ने कहा कि हम लोग देश की आर्थिक राजधानी में रह रहे हैं। इसके बावजूद यहां की स्थिति ठीक नहीं है। रोज सामने आ रहे कोरोना मरीजों के लिए पर्याप्त बिस्तर भी उपलब्ध नहीं हैं। पर्याप्त एंबुलेंस भी नहीं है। पूरे राज्य में देश के 30 से 33 फीसद मरीज निकल रहे हैं।
बता दें कि भाजपा ने आज मुंबई सहित सभी जिला मुख्यालयों पर राज्य सरकार की नाकामी के खिलाफ प्रदर्शन किया था। मुंबई स्थित मंत्रालय पर प्रदर्शन के बाद भाजपा प्रतिनिधिमंडल राज्यपाल से मिलने राजभवन गया। प्रतिनिधिमंडल में नेता प्रतिपक्ष देवेंद्र फड़नवीस के साथ पूर्व मंत्री विनोद तावड़े एवं आशीष शेलार, महाराष्ट्र भाजपा के महासचिव अतुल भातखलकर एवं सांसद गोपाल शेट्टी और मनोज कोटक भी शामिल थे।
महाराष्ट्र में मंगलवार को कोरोना के 2100 नए मामले सामने आए हैं। प्रदेश में अब तक 37158 संक्रमित हैं। मुंबई में 1411 नए पॉजिटिव मामले दर्ज किए गए और 43 मौतें हुई हैं। कुल पॉजिटिव मामले 22,563 और मरने वालों का आंकड़ा 800 हो गया है।