झूठी रिपोर्ट पर दर्ज हुआ आलोक नाथ के खिलाफ दुष्कर्म का मामला, कोर्ट ने दी गिरफ्तारी से राहत
Alok Nath. कोर्ट के मुताबिक, आलोक नाथ के खिलाफ झूठी और बदनाम करने वाली रिपोर्ट के आधार पर दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है।
मुंबई, प्रेट्र। आलोक नाथ के खिलाफ झूठी और बदनाम करने वाली रिपोर्ट के आधार पर दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है। पिछले सप्ताह बॉलीवुड के अभिनेता को गिरफ्तारी से पहले जमानत देते हुए सत्र कोर्ट ने यह कहा। पटकथा लेखिका विनता नंदा ने अभिनेता पर आरोप लगाया था।
पांच लाख रुपये के बांड पर आलोक नाथ को राहत देते हुए अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश एसएस ओजा ने कहा कि पटकथा लेखिका द्वारा दर्ज कराई गई दुष्कर्म की शिकायत निजी प्रतिशोध है। मंगलवार को अपलोड किए गए अपने आदेश में न्यायाधीश ने उल्लेख किया है कि शिकायतकर्ता द्वारा लगाया गया आरोप नाथ के लिए उनका एकतरफा और जताया नहीं गया प्रेम से प्रेरित हो सकता है।
न्यायाधीश ने कहा है, 'अभिनेता के खिलाफ अपराध सूचक या शिकायतकर्ता (नंदा) की स्पष्ट रूप से झूठी बदनाम करने वाली, द्वेषपूर्ण, अपमानजनक और मनगढंत रिपोर्ट के आधार पर दर्ज किया गया है।'
पिछले वर्ष मी टू आंदोलन के चरम पर रहने के दौरान आठ अक्टूबर को पटकथा लेखिका ने सोशल मीडिया पर अपना अनुभव साझा किया था। उन्होंने आलोक नाथ का नाम नहीं लिया था। बाद में उन्होंने मुंबई के ओशिवारा थाने में अभिनेता के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने उनपर 1998 में नशे की हालत में घर में दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था। अभिनेता के खिलाफ नवंबर में धारा 376 के तहत मामला दर्ज किया गया था।