Maharashtra: मुंबई में आधी रात को खाना नहीं देने पर पुलिसकर्मी ने बार के कैशियर को पीटा
Maharashtra मुंबई में आधी रात को खाना भेजने से मना करने पर एक बार के कैशियर की पुलिसकर्मी ने जमकर पिटाई कर दी है। सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यह घटना चर्चा में आई।
मुंबई, प्रेट्र। महाराष्ट्र के मुंबई में आधी रात को खाना भेजने से मना करने पर एक बार के कैशियर की पुलिसकर्मी ने जमकर पिटाई कर दी। सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यह घटना चर्चा में आई। खाना भेजने से मना करने पर एक सहायक पुलिस निरीक्षक ने कथित तौर पर बार के कैशियर के साथ दुर्व्यवहार किया और उसके साथ मारपीट की। एक अधिकारी ने वीरवार को यह जानकारी दी। बुधवार रात करीब साढ़े बारह बजे हुई घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। बार मालिक ने यहां वकोला पुलिस स्टेशन में तैनात एपीआइ विक्रम पाटिल के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। बार के मालिक महेश शेट्टी के मुताबिक, पुलिसकर्मी ने पहले बार कैशियर रामदास पाटिल को फोन करके कहा कि उसे खाना मुहैया कराया जाए। कैशियर ने बताया कि किचन बंद है।
एपीआइ के खिलाफ शिकायत दर्ज
शेट्टी ने कहा कि कुछ मिनटों के बाद एपीआइ बार में घुस गया। बार वकोला पुलिस स्टेशन के करीब स्थित है। बार में पुलिसकर्मी ने कथित तौर पर कैशियर को गाली देना और मारपीट करना शुरू कर दिया। उन्होंने कहा कि रात के 12.30 बजे थे, जब उन्होंने भोजन मांगा। हम समय सीमा से परे प्रतिष्ठान कैसे खोल सकते हैं? हमने एपीआइ के खिलाफ शिकायत दर्ज की है और प्राथमिकी दर्ज करने के लिए शीर्ष अधिकारियों से संपर्क करेंगे। मुंबई पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि यह घटना कैशियर और एपीआइ के बीच खाने को लेकर हुई बहस के बाद हुई। उन्होंने कहा कि हम तथ्यों की पुष्टि कर रहे हैं और पुलिस अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
इससे पहले मुंबई में बिना हेलमेट पहने अपने साथी के साथ दो पहिया वाहन पर सवार होकर फर्राटे भर रही महिला ने रोके जाने पर एक पुलिसकर्मी की जमकर पिटाई कर दी थी। यह घटना मुंबई के कलबादेवी स्थित काटन एक्सचेंज नाका पर हुई। इसका वीडियो ट्विटर और फेसबुक पर वायरल हो गया है। महिला अपने सहयोगी के साथ स्कूटी से कहीं जा रही थी। दोनों ने हेलमेट नहीं पहना था। इस बीच, ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने रोका तो महिला उग्र हो गई और उसकी पिटाई कर दी। घटना के बाद लोगों की भीड़ जुट गई। महिला भीड़ जुटने के बाद भी पुलिसकर्मी को पीटती रही। इस दौरान अपनी गलती को छिपाने के लिए उसने पुलिसकर्मी पर गाली देने का आरोप भी लगाया। पुलिस ने आरोपित महिला व उसके साथी को हिरासत में ले लिया।