Move to Jagran APP

Lockdown: ओडिशा और पंजाब के बाद महाराष्ट्र में 30 अप्रैल तक लागू रहेगा लॉकडाउन

Lockdown. महाराष्ट्र के सीएम उद्धव ठाकरे ने शनिवार को राज्य में 30 अप्रैल तक लॉकडाउन लागू रखने का एलान किया है।

By Sachin Kumar MishraEdited By: Published: Sat, 11 Apr 2020 05:42 PM (IST)Updated: Sat, 11 Apr 2020 08:47 PM (IST)
Lockdown: ओडिशा और पंजाब के बाद महाराष्ट्र में 30 अप्रैल तक लागू रहेगा लॉकडाउन
Lockdown: ओडिशा और पंजाब के बाद महाराष्ट्र में 30 अप्रैल तक लागू रहेगा लॉकडाउन

राज्य ब्यूरो, मुंबई। महाराष्ट्र में कोविड-19 रोगियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए लॉकडाउन की अवधि 30 अप्रैल तक बढ़ा दी गई है। इस दौरान परिस्थिति के अनुसार कुछ स्थानों पर लॉकडाउन में ढील दी जा सकती है, तो कहीं सख्ती बरती जाएगी। मुंबई में कोरोना रोगियों की तेजी से बढ़ती संख्या को देखते हुए यहां विशेष ध्यान दिया जाएगा। ये घोषणाएं शनिवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने अपने फेसबुक उद्बोधन के दौरान कीं। गौरतलब है कि इससे पहले ओडिशा और पंजाब में भी लॉकडाउन बढ़ाया जा चुका है।

loksabha election banner

उद्धव ने कहा कि महाराष्ट्र में कोरोना पॉजिटिव रोगियों की संख्या सर्वाधिक इसलिए है, क्योंकि मुंबई एवं पुणे अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे होने के कारण यहां शुरुआती दौर से ही विदेशों से आए कोरोना रोगी बढ़ते रहे। उद्धव के अनुसार, महाराष्ट्र में कोरोना रोगियों की संख्या अधिक दिखने का एक और कारण यहां बड़े पैमाने पर हो रही जांच भी है। महाराष्ट्र में पूरे देश की तुलना में सर्वाधिक 33,000 लोगों की जांच की जा चुकी है। जिसमें 11 अप्रैल तक 1761 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। मुंबई में अब तक हुई 19,540 जांच में 1182 लोग पॉजिटिव पाए जा चुके हैं। मुंबई में अब तक कोरोना से 75 मौतें हो चुकी हैं।

स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार महाराष्ट्र के कुल कोरोना रोगियों में से 61 फीसद मुंबई के, 20 फीसद पुणे के, 10 फीसद मुंबई के आसपास के जनपदों एवं सिर्फ नौ फीसद शेष महाराष्ट्र के हैं।

मुख्यमंत्री ठाकरे का कहना है कि महाराष्ट्र में कोरोना रोगियों की संख्या अवश्य पूरे देश की तुलना में ज्यादा है, लेकिन इनमें गंभीर लक्षणों वाले रोगी पांच फीसद ही हैं और वह भी कुछ क्षेत्रों में ही सीमित हैं। 65 से 70 फीसद लोग अत्यंत साधारण स्थिति वाले हैं।

उद्धव के अनुसार, ठीक होकर घर जाने वालों व क्वारंटाइन किए गए लोगों की जांच निगेटिव आने वालों की संख्या भी काफी अधिक है। जिन क्षेत्रों में कोरोना के अधिक मरीज पाए जा रहे हैं, उन्हें चिन्हित करके प्रतिबंधित क्षेत्र घोषित किया जा चुका है। वहां घर-घर जांच की जा रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि महाराष्ट्र में अब तक इस रोग से मारे गए लोगों में पहले से अन्य गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों की संख्या ही अधिक है। उद्धव ने संकेत दिया कि महाराष्ट्र में लॉकडाउन की सीमा बढ़ने के बावजूद कृषि व मत्स्य व्यवसाय से जुड़े लोगों को उनके कार्य में छूट देने की व्यवस्था रखी जाएगी।

महाराष्ट्र की अन्य खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.