Maharashtra: पुणे के लाल महल परिसर में वीडियो शूट करने पर डांसर वैष्णवी पाटिल के खिलाफ केस
Maharashtra पुणे में लाल महल के अंदर लावणी नृत्य के एक वीडियो की शूटिंग के लिए डांसर वैष्णवी पाटिल सहित तीन लोगों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। गत 16 मई को वीडियो इंटरनेट पर वायरल होने के बाद कई संगठनों द्वारा इस पर आपत्ति जताई गई थी।
पुणे, एएनआइ। महाराष्ट्र के पुणे में लाल महल के अंदर लावणी नृत्य के एक वीडियो की शूटिंग के लिए शुक्रवार को डांसर वैष्णवी पाटिल सहित तीन लोगों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। पुणे पुलिस के अनुसार, आरोपितों पर भारतीय दंड संहिता (आइपीसी) की धारा 295 (किसी भी वर्ग के धर्म का अपमान करने के इरादे से पूजा स्थल को चोट पहुंचाना या अपवित्र करना) और 186 (सार्वजनिक कायरें के निर्वहन से सरकारी कर्मचारी को रोकना) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। लाल महल में छत्रपति शिवाजी महाराज ने अपना बचपन बिताया था। गत 16 मई को वीडियो इंटरनेट पर वायरल होने के बाद कई संगठनों द्वारा इस पर आपत्ति जताई गई थी। इसके बाद यह कार्रवाई की गई।
वैष्णवी पाटिल ने मांगी माफी
समाचार एजेंसी आइएएनएस के मुताबिक, पुणे की लोक नृत्यांगना ने शनिवार को यहां हुए हंगामे और फरसखाना पुलिस द्वारा उनके खिलाफ शिकायत दर्ज करने के बाद ऐतिहासिक लाल महल (लाल महल) के अंदर एक वीडियो शूट के लिए माफी मांगी है। नृत्यांगना वैष्णवी पाटिल, दो पुरुषों और एक महिला के साथ 16 अप्रैल को 'लावणी' नृत्य किया कर इंटरनेट मीडिया पर वीडियो पोस्ट किया था। संभाजी ब्रिगेड के राज्य आयोजक संतोष शिंदे ने पुणे पुलिस से इस संबंध में शिकायत की थी। संज्ञान लेते हुए फरसखाना पुलिस स्टेशन ने शुक्रवार देर रात शिकायत दर्ज की और मामले की जांच शुरू कर दी है। शिंदे की शिकायत के बाद वैष्णवी पाटिल ने शनिवार को सार्वजनिक रूप से माफी मांगी और स्वीकार किया कि उसने गलती की थी।
इन्होंने की थी कार्रवाई की मांग
आवास मंत्री डा जितेंद्र आव्हाड और कई राजनीतिक नेताओं व अन्य व्यक्तियों ने लाल महल के अंदर शूटिंग की निंदा की। उन्होंने इस संबंध कार्रवाई की मांग की थी। उनके मुताबिक, लाल महल का ऐतिहासिक महत्व है। इसे इस तरह से रिकार्ड किए गए संगीत-नृत्य प्रदर्शन से अपवित्र नहीं किया जा सकता है। इन्हें किसने अधिकृत किया और क्यों, हम शूटिंग की अनुमति देने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हैं। पुलिस इस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है। हालांकि इस संबंध में अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।