Maharashtra: ठाणे में फ्लाईओवर से नीचे गिरे बाइक सवार, एक की मौत; दूसरे की हालत गंभीर
महाराष्ट्र के ठाणे में वीरवार सुबह एक दर्दनाक घटना में बाइक सवार की मौत हो गयी जबकि पीछे बैठा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। ये दोनों युवक मजीवाडा फ्लाईओवर से नीचे गिर पड़े और हादसे का शिकार हो गये।
ठाणे, एएनआइ। महाराष्ट्र के ठाणे में मजीवाडा फ्लाईओवर पर वीरवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गयी जबकि दूसरा युवक घायल हो गया। ठाणे नगर निगम से मिली जानकारी के अनुसार बाइक पर जा रहे दो युवक फ्लाईओवर से नीचे गिर गये थे जिससे बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि पीछे बैठा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
गौरतलब है कि बीते दिनों मुंबई के चेंबूर इलाके में रात के समय अमर महल फ्लाईओवर से एक एंबुलेंस नीचे गिर गयी थी। एंबुलेंस नीचे बनी एक दुकान के ऊपर गिरी थी। इस हादसे में एंबुलेंस चालक और उसमें सवार एक अन्य व्यक्ति घायल हो गये थे। रात का समय होने के कारण दुकान बंद थी नहीं तो जानमाल का नुकसान हो सकता था।
बीते दिनों हरियाणा के रोहतक में भी फ्लाईओवर की ग्रिल तोड़ एक अनियंत्रित बेलेनो कार करीब 50 फुट नीचे जा गिरी थी, कार के एयरबैग खुलने से कार में सवार तीन दोस्तों की जान बच गयी थी। इस घटना के तुरंत बाद राहगीरों की मदद से तीनों छात्रों को उपचार के लिए पीजीआई में भर्ती करावाया जहां से उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गयी। थाना शिवाजी कॉलोनी प्रभारी बलवंत सिंह के अनुसार एकता कॉलोनी में रहने वाला आयुष 11वीं, कमला नगर निवासी केतन और श्रीनगर कॉलोनी निवासी अक्षत दोनों 10वीं कक्षा में पढ़ते हैं। तीनों रात लगभग डेढ़ बजे अपने घर से कार लेकर निकले थे। तड़के करीब तीन बजे चालक का कार पर नियंत्रित खो गया जिससे कार फ्लाईओवर की ग्रिल तोड़ 50 फुट नीचे डिवाइडर से टकरा पलट गयी। जमीन पर गिरने से पहले ये कार एक मकान से टकरायी, जिससे मकान का कुछ हिस्सा और एक टेलीफोन लाइन का पोल क्षतिग्रस्त हो गया।