BEST Workers Strike: सातवें दिन भी जारी है बेस्ट कर्मचारियों की हड़ताल, ओला उबर ने भी दी हड़ताल की धमकी
BEST Workers Strike मुंबई में बेस्ट कर्मचारियों की हड़ताल आज सातवें दिन भी जारी है और दूसरी तरफ ओला उबर कैब ड्राइवरों ने भी हड़ताल की धमकी दे दी है।
मुंबई, एनएनआइ। BEST Workers Strike आज सातवें दिन भी मुंबई में बेस्ट कर्मचारियों की हड़ताल जारी है। बॉम्बे हाईकोर्ट का मानना है कि बेस्ट यूनियन सही तरीके से बातचीत नहीं कर रही है और अदालत के आदेशों का भी उल्लंघन कर रही है। BEST Union ने अदालत को सूचित किया कि वे हड़ताल पर रहने के लिए मजबूर हैं क्योंकि BEST उनकी मांगों को स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं हैं।
गौरतलब है कि महाराष्ट्र मुख्य सचिव की अध्यक्षता में रविवार को निगम संचालित परिवहन के प्रबंधन और हड़तालरत कर्मचारियों की यूनियनों के बीच हुई बैठक बेनतीजा रही जिसकी वजह से गतिरोध बरकरार है।
ओला और उबर ड्राइवरों ने भी दी धमकी
मुंबई में ओला और उबर ड्राइवरों ने भी हड़ताल पर जाने की धमकी दी है। ड्राइवरों ने कहा है कि अगर राज्य सरकार द्वारा उनकी बेहतर कमाई की मांग पूरी नहीं की गई, तो वे हड़ताल पर जाएंगे। अगर ऐसा हुआ तो मुंबई के आम लोगों की मुश्किलें और बढ़ जाएंगी क्योंकि ये चेतावनी ऐसे समय में आयी है जब बेस्ट बस कर्मचारी हड़ताल पर हैं। ज्ञात हो कि ओला और उबर कैब ड्राइवर अक्टूबर-नवंबर में भी 12 दिनों की हड़ताल पर चले गए थे।
क्या है मामला
कुल 30500 कर्मचारी इस हड़ताल में शामिल हैं। बेस्ट कर्मचारियों की इस हड़ताल को औद्योगिक न्यायालय ने अवैध बताया है। दो हजार करोड़ के कर्ज में डूबी बेस्ट को बीएमसी ने अब बेस्ट को पैसे देने से इंकार कर दिया है। जिसकी वजह से बेस्ट कर्मचारियों के वेतन पर संकट आ गया है। सोमवार 7 जनवरी को हुई बेस्ट और बीएमसी की बैठक में कोई निष्कर्ष न निकलते देख मंगलवार 8 जनवरी से बेस्ट कर्मचारी हड़ताल पर हैं।
हड़ताल की वजह से आम लोगों को अपने गंतव्यों तक पहुंचने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोग ऑटो और प्राइवेट बसों का सहारा ले रहे हैं। ऑटो वाले मनमानी कर जनता को परेशान न करें इसके लिए मुंबई पुलिस खुद ऑटो रूकवाकर लोगों को बिठा रही है। अपने गंतव्यों तक पहुंचने के लिए लोग निजी वाहनों पर पूरी तरह निर्भर हैं, ऐसे में ओला और उबर की हड़ताल की घोषणा ने आम लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं ।