नीरव मोदी का अलीबाग बंगला ढहाना की प्रक्रिया शुरू
Nirav Modi. अलीबाग में किहिम में समुद्र के किनारे स्थित नीरव मोदी के बंगले को ढहाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
मुंबई, प्रेट्र। रायगढ़ कलेक्टरेट ने अलीबाग में किहिम में समुद्र के किनारे स्थित नीरव मोदी के बंगले को ढहाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जिला कलेक्टर विजय सूर्यवंशी ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा रायगढ़ जिले में स्थित संपत्ति सौंपे जाने के बाद ध्वस्त करने का आदेश जारी कर दिया। यह संपत्ति मुंबई से 90 किलोमीटर से ज्यादा दूरी पर स्थित है।
पिछले वर्ष राज्य सरकार ने ईडी को पत्र लिखा था। जांच एजेंसी ने भगोड़े हीरा कारोबारी का बंगला सील किया था। राज्य सरकार ने किहिम बीच पर गैरकानूनी रूप से बने बंगले को ध्वस्त करने की अनुमति मांगी थी।
पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) घोटाले में नामजद नीरव मोदी उन 202 बंगलों के मालिकों में से एक है जिन्हें ढहाया जाना है। रायगढ़ के कलेक्टर सूर्यवंशी ने कहा कि बंगला गैरकानूनी रूप से बना था। इसे पर्यावरण के सभी नियमों का उल्लंघन करते हुए बनाया गया था। उन्होंने कहा कि अलीबाग और मुरुड तहसील में सभी 202 बंगलों को ढहाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।