AIMIM भिवंडी प्रमुख के खिलाफ एक और FIR दर्ज; जबरन वसूली के मामले में तीन गिरफ्तार
FIR against AIMIM Bhiwandi chief महाराष्ट्र के ठाणे में ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहाद-उल-मुस्लिमीन (AIMIM) की भिवंडी (Bhiwandi) इकाई के अध्यक्ष मोहम्मद खालिद शेख (Mohammad Khalid Sheikh) उर्फ गुड्डू के खिलाफ जबरन वसूली का चौथा मामला दर्ज किया गया है।
ठाणे, पीटीआइ। ठाणे पुलिस ने ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहाद-उल-मुस्लिमीन (AIMIM) की भिवंडी इकाई के अध्यक्ष के खिलाफ एक बिल्डर से कथित रूप से जबरन पैसे की उगाही का मामला दर्ज किया है। बुधवार को मिली जानकारी के अनुसार इस संबंध में एक स्थानीय पत्रकार समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पिछले एक सप्ताह में महाराष्ट्र के भिवंडी शहर में AIMIM के प्रमुख मोहम्मद खालिद शेख उर्फ गुड्डू के खिलाफ जबरन वसूली का यह चौथा मामला है। वह पिछले सप्ताह अपनी गिरफ्तारी के बाद से ठाणे क्राइम ब्रांच की हिरासत में है।
पुलिस उपायुक्त (भिवंडी) राजकुमार शिंदे से मिली ताजा जानकारी के अनुसार एक बिल्डर की शिकायत के बाद बुधवार की सुबह पिता-पुत्र की जोड़ी को गिरफ्तार कर लिया गया उन्होंने कथित तौर पर धमकी देते हुए बिल्डर से 15 लाख रुपये की मांग की और शेख की सहायता करने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि दोनों ने बिल्डर से समय-समय पर 4 लाख रुपये लिए, जिसके बाद बिल्डर ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवायी। अधिकारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर, पुलिस ने शेख और अन्य दो गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ एफआइआर दर्ज की, जिनकी पहचान अकबर गफूर खान और उसके बेटे जैद अकबर खान के रूप में की गई है। अब तक शेख समेत 10 लोगों को जबरन वसूली के चार मामलों में गिरफ्तार किया गया है।
गौरतलब है कि शेख महाराष्ट्र के भिवंडी शहर में एआइएमआइएम का प्रमुख है। एक बिल्डर द्वारा दायर शिकायत के आधार पर, महाराष्ट्र में शांति नगर पुलिस ने सोमवार को शेख और उनके कुछ सहयोगियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धाराओं के तहत एफआइआर दर्ज की। नए मामले में एक स्थानीय पत्रकार समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।