मुंबईः अभिनेत्री ईशा कोप्पिकर भाजपा में शामिल
Isha Koppikar. अभिनेत्री ईशा कोप्पिकर केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी की मौजूदगी में भाजपा में शामिल हो गईं।
मुंबई, एएनआइ। अभिनेत्री ईशा कोप्पिकर रविवार को केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी की मौजूदगी में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गईं।
जानिए, कौन हैं ईशा
ईशा का जन्म 29 सितंबर, 1979 को मुंबई में हुआ था। ईशा की शिक्षा मुंबई में हुई। कॉलेज के दौरान ही उन्हें अपने करियर को आगे बढ़ाने का मौका मिला। उन्होंने कई विज्ञापन के लिए फोटोशूट भी किए। ईशा ने 1995 में मिस इंडिया में भाग लिया था और उन्हें मिस टैकंट का खिताब मिला। ईशा कोप्पिकर की शादी 2009 में टिम्मी नारंग से हुई।
जब ईशा कॉलेज में थीं तभी उन्होंने फोटोग्राफर गौतम राजध्यक्षा के फोटोशूट में हिस्सा लिया। यहीं से ईशा के मॉडलिंग करियर की शुरुआत हुई, फिर उन्हें फिल्मों में काम करने का मौका मिला। ईशा की पहली फिल्म तमिल भाषा में बनी फिल्म 'काधल कविथाई' थी जो 1998 में आई थी।
ईशा कोप्पिकर की पहली हिंदी फिल्म 2000 में आई थी। उस फिल्म का नाम 'फिजा' था। इसके बाद उन्हें कई हिंदी फिल्मों में काम करने का मौका मिला। इशा ने 'कंपनी', 'पिंजर', 'डरना मना है', 'गर्लफ्रेंड' जैसी लगभग 45 फिल्मों में काम किया। उनकी आखिरी हिंदी फिल्म 2011 में आई 'राख' थी।