Coronavirus: महाराष्ट्र में कोरोना के 67013 नए मामले, मुंबई में 75 व पुणे में 115 मौतें
Coronavirus महाराष्ट्र में कोरोना वायरस संक्रमण के 67013 नए मामले सामने आए 62298 रिकवर हुए और 568 लोगों की मौतें हुईं हैं। प्रदेश में कोरोना के कुल मामले 4094840 हैं। सक्रिय मामले 699858 हैं। कुल 3330747 रिकवर हुए हैं।
मुंबई, एएनआइ। Coronavirus: महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 67013 नए मामले सामने आए, 62298 रिकवर हुए और 568 मौतें हुईं हैं। प्रदेश में कुल मामले 40,94,840 हैं। सक्रिय मामले 6,99,858 हैं। कुल 33,30,747 रिकवर हुए हैं। वहीं, मुंबई में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 7410 नए मामले सामने आए, 8090 रिकवर हुए और 75 मौतें हुईं। सक्रिय मामले 83,953 हैं। कुल 5,11,143 रिकवर हुए। कोरोना से 12,576 की मौत हो चुकी है। प्रदेश के कई जिलों में कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। इधर, पुणे जिले में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 9841 नए मामले सामने आए, 115 मौतें हुईं और 9,186 रिकवर हुए हैं। सक्रिय मामले 1,01,916 हैं। कुल मामले 7,63,194 हैं। कुल 6,49,565 रिकवर हुए। कोरोना से 11,882 की मौत हुई है।
इस बीच, केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने कहा कि कोविड को रोकने के लिए पाबंदी लगाने की आवश्यकता है। भीड़ को रोकने की आवश्यकता है। हर व्यक्ति को वैक्सीन मिले, उसके लिए केंद्र सरकार द्वारा कोशिश की जा रही है। महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा मामले सामने आ रहे हैं, कठोर निर्णय लेने की जरूरत है। इधर, महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमण थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब यह जेल में बंद कैदियों को भी संक्रमित करने लगा है। मुंबई की भायखला जेल में बंद शीना बोरा हत्याकांड की आरोपित इंद्राणी मुखर्जी सहित 40 कैदी कोरोना से संक्रमित हो गए हैं। इन्हें क्वारंटाइन कर दिया गया है। यह जानकारी बुधवार को एक अधिकारी ने दी।महाराष्ट्र में 19 अप्रैल तक 46 जेलों में 197 कैदी कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं। इससे सात कैदियों की मौत हो चुकी है। यही नहीं 94 से ज्यादा जेल कर्मचारी भी कोरोना की चपेट में आ चुके हैं। वहीं, पनवेल स्थित एक वृद्धाश्रम परम शांतिधाम ओल्ड ऐज होम में कम से कम 58 लोगों को कोरोना संक्रमित पाया गया है। पनवेल नगर निगम आयुक्त के अनुसार, इनमें से अब तक दो लोगों की मौत हो चुकी है। 16 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वृद्धाश्रम में रहने वालों पर नजर रखी जा रही है।
इस बीच, महाराष्ट्र में कोरोना की दूसरी लहर की विभीषिका से निपटने के लिए राज्य सरकार ने पाबंदियों का दायरा और बढ़ा दिया है। ये पाबंदियां फिलहाल 22 अप्रैल को रात आठ बजे से एक मई की सुबह सात बजे तक लागू रहेंगी। मुख्य सचिव सीताराम कुंटे की ओर से जारी नए निर्देशों में अति आवश्यक सेवाओं के अलावा अन्य सरकारी कार्यालयों को अब 50 फीसद के बजाय 15 फीसद क्षमता के साथ काम करने के निर्देश दिए गए हैं। जिन निजी कार्यालयों को अब तक 50 फीसद क्षमता के साथ काम करने की छूट दी गई थी, उन्हें भी 15 फीसद कर्मचारियों के साथ ही काम करने को कहा गया है।