Coronavirus Lockdown के बीच मुंबई से 20 उड़ानों में वापस स्वदेश लौटे 3700 विदेशी नागरिक
Coronavirus Lockdown इस मुश्किल घड़ी में कई देशों और उनकी एयरलाइन व दूतावासों की मदद से मुंबई हवाईअड्डे से 20 उड़ानों में 3700 विदेशी नागरिक वापस लौटे।
मुंबई, एएनआइ। कोरोनावायरस संक्रमण को रोकने के लिए देश भर में लॉकडाउन जारी है जिसे अब 3 मई तक के लिए और बढ़ा दिया गया है। मिली जानकारी के अनुसार इस बीच मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे से 20 उड़ानों से 3,700 विदेशी नागरिकों को उनके देश भेजा गया है। बता दें कि कोविड-19 महामारी के संक्रमण को रोकने के लिए देश के अंदर सभी वाणिज्यिक यात्री उड़ानों पर रोक लगी हुई है।
इस मुश्किल घड़ी में कई देशों और उनकी एयरलाइन व दूतावासों की मदद से छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे ने मुंबई से लंदन, अटलांटा, पेरिस, फ्रैंकफर्ट, सिंगापुर, टोक्यो सहित विभिन्न देशों में फंसे लोगों को ले जाने वाली 20 उड़ानों को संचालित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे पर और बोर्डिंग के दौरान की ओर से कोरोना वायरस संक्रमण को लेकर जारी गाइडलाइन का पालन किया जा रहा था और यात्रियों को सावधानी बरतने के लिये भी कहा गया। हवाईअड्डे पर प्रवेश करने के समय से लेकर विमान में सवार होने तक यात्रियों की सख्त स्क्रीनिंग प्रक्रिया की गई। एक प्रवक्ता ने बताया कि लॉकडाउन के बाद हवाईअड्डे ने स्टाफ के सहयोग से ज्यादातर कार्गो, चार्टर उड़ानों, सेना या मालवाहक सेवाओं को बखूबी निभाया है। लॉकडाउन के दौरान मुंबई हवाईअड्डे ने सुरक्षा मानकों का ध्यान रखते हुए विभिन्न महत्वपूर्ण वस्तुओं के आयात और निर्यात के लिए 240 कार्गो उड़ानों को संचालित किया है।