सात फेरे लेने के बाद दूल्हा पहुंचा हवालात में
नाबालिग से शादी करने के मामले में पुलिस ने दूल्हा, दुल्हन की मां और शादी तय कराने वाले रिश्तेदारों के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें अरेस्ट किया है। दुल्हन की उम्र का फैसला भी मेडिकल टेस्ट से हुआ।
ग्वालियर। नाबालिग से शादी करने के मामले में पुलिस ने दूल्हा, दुल्हन की मां और शादी तय कराने वाले रिश्तेदारों के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें अरेस्ट किया है। दुल्हन की उम्र का फैसला भी मेडिकल टेस्ट से हुआ।
थाने में बैठे दूल्हे उदय सिंह का कहना है कि अगर पता होता कि 18 साल पूरे होने में 2 महीने बाकी हैं तो वह 2 महीने बाद ही शादी करता। उसके 7 फेरे हो गए हैं। अब दो महीने बाद दुल्हन विदा कराएंगे।
- किशनबाग में रहने वाली मुन्नीदेवी की बेटी की शादी श्योपुर के भागनिवास गांव के उदय सिंह धाकड़ के साथ शुक्रवार की रात हुई। रात 12 बजे फेरे हुए।
- अनजान व्यक्ति के फोन पर मिली सूचना पर तड़के 4 बजे बहोड़ापुर की पुलिस तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी पहुंचे।
- दूल्हा-दुल्हन सहित रिश्तेदारों को थाने ले आए। दुल्हन की उम्र से संबंधित दस्तावेज परिजन नहीं ला सके।
इसके बाद उसका मेडिकल परीक्षण कराया तो उम्र 17 साल 10 महीने निकली। बाल विकास विभाग के संरक्षण अधिकारी सतीश जयंत ने बताया कि दुल्हन को फिलहाल नारी निकेतन भेज दिया है। बाद में परिजनों को सौंपा जाएगा।
दुल्हन के परिजनों का कहना था कि उसके पिता का निधन हो गया था। वह कभी स्कूल गई नहीं इसलिए वह नाबालिग है या बालिग, उम्र का पता नहीं था।