विपक्ष की भूमिका नहीं निभा पाई कांग्रेस
ग्वालियर। टीम केजरीवाल के अहम सदस्य व प्रख्यात गीतकार कुमार विश्वास का कहना है कि मध्यप्रदेश में कांग्रेस विपक्ष की कारगर भूमिका नहीं निभा पाई है। अब तक भाजपा के साथ उसकी साठगांठ ही चलती रही है।
उनका कहना है कि एआईसी (इंडिया अगेंस्ट करप्शन) प्रदेश में भी चुनाव लड़ सकती है। शिक्षक से गीतकार और अब राजनीति के सफर पर निकले प्रख्यात गीतकार कुमार विश्वास ने यहां पत्रकारों से चर्चा करते हुए प्रदेश में कांग्रेस की लचर भूमिका पर खेद जताया है।
उनका कहना है कि भाजपा सरकार ने विपक्षी दल कांग्रेस को पूरी तरह से अपनी गोद में बिठाकर रखा है। ऐसा नजारा पहले कभी अर्जुन सिंह और दिग्विजय सिंह के जमाने में देखने को मिलता था। अब भाजपा ने उसी तरीके को अपना लिया है। उनका कहना है कि अगर एआईसी के कार्यकर्ता प्रदेश में सरकार की नाकामियों को उजागर करने में सफल रहते हैं तो हम विधानसभा चुनाव लड़ने से परहेज नहीं करेंगे।
कोयला घोटाला के सवाल पर उन्होंने भाजपा की नेत्री वसुंधरा राजे सिंधिया, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री रमन सिंह पर भी निशाना साधते हुए कहा है कि इन लोगों ने कोल आवंटन के लिए चहेतों की सिफारिश की है। बीजद के नवीन पटनायक ने तो कांग्रेस सांसद नवीन जिंदल तक की सिफारिश कर डाली थी।
उन्होंने बताया कि 25 नवंबर को जंतर-मंतर पर धरना होगा और 28 नवंबर को एआईसी द्वारा राजनीतिक पार्टी के नाम और पार्टी संविधान की घोषणा की जाएगी।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर