ग्वालियर के अस्पताल से गायब बच्चा मिला
ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर के सरकारी अस्पताल से गायब हुआ नवजात शिशु मिल गया है। बच्चा दो महिलाओं का नाम एक होने की गफलत में दूसरे परिवार में पहुंच गया था। मानवेंद्र सिंह भदौरिया की पत्नी सुनीता ने मुरार स्थित सरकारी अस्पताल में बच्चे को जन्म दिया था। बच्चे का स्वास्थ्य ठीक न होने के कारण चिकित्सकों के परामर्श पर उसे विशेष गहन चिकित्सा कक्ष में रखा गया था। इस कक्ष मे अन्य बच्चे भी भर्ती थे। इसी दौरान सुनीता का बेटा गायब हो गया।
अस्पताल प्रबंधन ने बच्चे की खोज के लिए अभियान चलाया और लगभग 24 घंटे की मशक्कत के बाद सुनीता के बच्चे को खोज निकाला गया। अस्पताल के डॉ. डीसी शर्मा ने मंगलवार को बताया है कि दीनदयाल नगर की महिला कविता ने भी बच्चे को जन्म दिया था और वह भी गहन चिकित्सा कक्ष में था। कविता की ननद का नाम सुनीता है और गायब हुए बच्चे की मां का नाम भी सुनीता है। नाम के फेर में सुनीता के बच्चे को कविता की ननद को सौंप दिया गया। डॉ. शर्मा के अनुसार जब गहन चिकित्सा कक्ष में भर्ती बच्चों के बारे में जानकारी ली गई तो पता चला कि एक बच्चा ज्यादा है। इस पर कविता के पास पहुंचकर पता लगाया गया और सुनीता का बच्चा मिल गया। वहीं कविता को उनका बच्चा सौंप दिया गया है। बच्चे के मिलने से सुनीता बेहद खुश है। वह कहती है कि अस्पताल प्रबंधन की गलती के चलते उसे परेशानी के दौर से गुजरना पड़ा है। ज्ञात हो कि बच्चा गायब होने पर सुनीता के परिजनों का गुस्सा भड़क उठा था और उन्होंने सोमवार को अस्पताल परिसर में जमकर तोड़फोड़ की थी। साथ ही लोगों ने सड़क पर उतरकर यातायात अवरुद्ध किया था। इस मामले को लेकर कांग्रेस विधायक प्रद्युम्न सिंह भी धरने पर बैठे थे।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर