MP Politics: मप्र में कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह व उनके समर्थकों के खिलाफ केस दर्ज
Madhya Pradesh कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह व उनके समर्थकों के खिलाफ दो मामले दर्ज किए हैं। शुक्रवार को दिग्विजय ने राजगढ़ जिले में डूब की जमीनों के मुद्दे को लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मिलने का समय मांगा था।
भोपाल, जेएनएन। मध्य प्रदेश पुलिस ने कांग्रेस नेता व राज्य सभा सदस्य दिग्विजय सिंह व उनके समर्थकों के खिलाफ दो मामले दर्ज किए हैं। शुक्रवार को दिग्विजय ने राजगढ़ जिले में डूब की जमीनों के मुद्दे को लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मिलने का समय मांगा था। किसानों के साथ सीएम से मिलने निकले दिग्विजय को पुलिस ने रोक लिया था। इस पर उन्होंने भोपाल में धरना शुरू कर दिया था। इसके बाद मुख्यमंत्री कार्यालय ने दिग्विजय-शिवराज की मुलाकात का समय 23 जनवरी को तय कर दिया। इसी सूचना के बाद उन्होंने अपना धरना समाप्त किया था। अब भोपाल पुलिस ने कोरोना संक्रमण के मामलों को देखते हुए उनके खिलाफ महामारी अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। जबकि उनके आवास के बाहर खड़े समर्थकों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
आलोचना से डरने वालों को राजनीति में नहीं आना चाहिए: दिग्विजय
शनिवार को सेंट्रल इंडिया प्रेस क्लब में 'पत्रकारिता और ज्वलंत मुद्दे' विषय पर विचार रखते हुए राज्य सभा सदस्य दिग्विजय सिंह ने कहा कि आलोचना से डरने वालों को राजनीति में नहीं आना चाहिए। लोकतंत्र में राजनेताओं को सहिष्णु और मोटी खाल वाला होना चाहिए। उन्होंने सवाल किया कि क्या लोगों की आवाज उठाना कोई जुर्म है? कहा कि मैं भी अपने क्षेत्र की लोगों की आवाज उठा रहा था। उनकी जमीन डूब क्षेत्र में आ गई है और मुआवजा भी नहीं मिल रहा है। इसी पर चर्चा के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मिलना चाहता था, पर मुझे समय नहीं दिया गया और मुझे धरना देना पड़ा। इस पर मेरे खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया।
सीबीआइ ने नहीं की नियुक्ति की जांच
दिग्विजय सिंह ने व्यापम मामले का उल्लेख करते हुए कहा कि हमने सुप्रीम कोर्ट तक ल़़डाई लड़ी। कोर्ट ने सीबीआइ को जांच सौंप दी, पर सीबीआइ ने शिक्षाकर्मियों की भर्ती में हुए फर्जीवाड़े की जांच ही नहीं की।
तो फिर झूठ कौन बोल रहा
भोपाल हवाई अड्डे पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ की मुलाकात पर दिग्विजय सिंह ने सीएम से सवाल किया कि मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारी झूठ बोल रहे हैं या 'आप'। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने नाथ से कहा था कि दिग्विजय सिंह समय मांगते तो जरूर देता।