Jan Vishwas Yatra: शिवराज सिंह चौहान उत्तर प्रदेश में गिनाएंगे मध्य प्रदेश की जनहितैषी योजनाएं
मध्य प्रदेश में जनहितैषी योजनाओं से लोगों का जीवन कैसे बदला मध्य प्रदेश की तरक्की में इनकी क्या भूमिका है और कितने लोग लाभान्वित हो चुके हैं जैसे आंकड़ों के साथ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान उत्तर प्रदेश की जनता को इन योजनाओं के पीछे भाजपा की जनकल्याणकारी उद्देश्य साझा करेंगे।
भोपाल, जेएनएन। मध्य प्रदेश (मप्र) के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अपने प्रदेश की जनहितैषी योजनाएं का जिक्र उत्तर प्रदेश (उप्र) में करेंगे। लाड़ली लक्ष्मी, तीर्थ दर्शन और मेधावी विद्यार्थी सहायता जैसी योजनाओं की आने वाले दिनों में उत्तर प्रदेश में गूंज सुनने को मिलेगी। योजनाओं से लोगों का जीवन कैसे बदला, मध्य प्रदेश की तरक्की में इनकी क्या भूमिका है और कितने लोग लाभान्वित हो चुके हैं, जैसे आंकड़ों के साथ मध्य प्रदेश (एमपी) के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान उत्तर प्रदेश (यूपी) की जनता को इन योजनाओं के पीछे भाजपा की जनकल्याणकारी उद्देश्य साझा करेंगे। मुख्यमंत्री 19 दिसंबर को बलिया में जन विश्वास यात्रा का शुभारंभ करेंगे।
इन योजनाओं का करेंगे जिक्र
अगले साल के शुरुआती दौर में संभावित विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश में छह जन विश्वास यात्राओं का आयोजन कर रही है। इनमें से एक का शुभारंभ मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान करेंगे। इस यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री चौहान न केवल उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार की उपलब्धियों को जनता के सामने रखेंगे, बल्कि मध्य प्रदेश की उन योजनाओं का विशेष तौर पर जिक्र करेंगे, जिसने प्रदेश की तस्वीर बदलने के साथ लोगों के जीवन को नई दिशा दी है। मध्य प्रदेश मैं बतौर मुख्यमंत्री अपनी पहली पारी में शिवराज सिंह चौहान ने लाड़ली लक्ष्मी योजना शुरू की थी, इसे देश भर में सराहा गया था और कई राज्यों ने अपनाया भी मध्य प्रदेश ने करीब 40 लाख बालिकाओं का योजना में पंजीकरण हो चुका है और लाभ भी दिया जा रहा है। इसी तरह मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना भी देशभर में काफी चर्चित रही है। मध्य प्रदेश में इस योजना के तहत करीब एक लाख बुजुर्ग देशभर के विभिन्न तीर्थ स्थलों की यात्रा कर चुके हैं। इस योजना को भी कई राज्यों ने अपनाया है।
जनता के बीच रखेंगे अपनी बात
सामान्य वर्ग सहित अन्य सभी के लिए मेधावी विद्यार्थियों के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मेधावी विद्यार्थी योजना की शुरुआत की, जिसमें मेधावी विद्यार्थियों की फीस प्रदेश सरकार द्वारा भरी जा रही है। इस योजना से भी हजारों विद्यार्थी लाभान्वित हो चुके हैं। किसानों के हित में भी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कई योजनाएं शुरू कीं। हर खेत तक बिजली और पानी पहुंचाने के इंतजाम के लिए योजनाएं शुरू की गई। इसके अलावा कोरोना संकट में भी फसलों के उपार्जन के साथ किसानों को भुगतान की व्यवस्था की गई। इसके अलावा साहूकारों द्वारा ऋण देकर अधिक ब्याज वसूलने के मामलों में भी सरकार ने सख्ती की है। आदिवासी समुदाय के हित में भी लगातार मध्य प्रदेश में फैसले लिए जा रहे हैं। कोरोना से उपजी विषम परिस्थिति में जन सहभागिता माडल अपनाते हुए स्थिति नियंत्रित करने का खाका भी शिवराज उत्तर प्रदेश की जनता के बीच रखेंगे। वह बताएंगे कि मध्य प्रदेश में स्वच्छता और कोरोना संकट में किस तरह सरकार और जनता ने एक साथ कदम बढ़ा कर सफलता हासिल की।