हाईस्कूल प्राचार्य पर छात्राओं से छेड़छाड़ करने पर लगा POCSO एक्ट
पुलिस थाना में सामूहिक हस्ताक्षरयुक्त शिकायत पत्र दिया गया इस शिकायत में प्राचार्य द्वारा छात्राओं के साथ अश्लील व्यवहार किए जाने का उल्लेख है। प्राचार्य पर आरोप है कि वह छात्राओं को वॉट्सएप पर गंदे गंदे मैसेज करता था। ग्रामीणों ने पुलिस को वाट्सएप के स्क्रीनशॉट्स उपलब्ध करा दिए थे।
छिंदवाड़ा, जेएनएन । छिंदवाड़ा तिगांव के एक प्राचार्य पर छात्राओं से छेड़छाड़ करने का घृणित आरोप लगा है। मालूम हो कि पांडूर्ना तहसील के तिगांव के संजय गांधी शासकीय हाइस्कूल के प्राचार्य संजय सोनारे पर पास्को एक्ट का प्रकरण दर्ज हुआ है। पुलिस थाना पांडुरना में पास्को एक्ट एवं धारा 354 ए, 354 बी तथा 509 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रार्थी की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है और आरोपी प्राचार्य को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और इस मामले में आगे आई.टी. एक्ट के तहत कुछ धाराएं बढ़ाई जा सकती है।
गौरतलब है कि ग्राम तिगांव के अनेक ग्रामीणों ने उक्त प्राचार्य के विरूद्ध पुलिस थाना में सामूहिक हस्ताक्षरयुक्त शिकायत पत्र दिया गया था। इस शिकायत में प्राचार्य द्वारा छात्राओं के साथ अश्लील व्यवहार किए जाने का उल्लेख किया गया है। इसके अलावा प्राचार्य पर आरोप है कि वह छात्राओं को वॉट्सएप पर गंदे गंदे मैसेज करता था। ग्रामीणों ने पुलिस को वाट्सएप के स्क्रीनशॉट्स उपलब्ध करा दिए थे। वहीं पुलिस ने पीडित प्रार्थी के बयान लेकर प्राचार्य संजय सोनारे के खिलाफ उक्त धाराओं के तहत मामला कायम कर दिया है।
जानकारी के अनुसार शिकायत के अनुसार प्राचार्य छात्राओं पर हमेशा बुरी नजर रखता था। छात्राओं ने बदनामी के डर से यह बात शुरू में किसी को नहीं बतायी पर जब पानी सिर से उपर चला गया तो उन्हें अपने परिजनों को बताना पड़ा। छात्राओं की चुप्पी से प्राचार्य का हौसला बढ़ा और उसने छात्राओं को वॉट्सएप पर गंदे, गंदे मैसेज भेजकर उन्हें अपने साथ संबंध बनाने के लिए आमंत्रित किया । ग्रामीणों द्वारा शिकायत के अनुसार यह प्राचार्य पहले भी जिस स्कूल में रहा है वहां भी ऐसी हरकतें करता रहा है, परंतु छात्राएं और उनके परिजन ने बदनामी के कारण कभी कुछ नहीं कहा और चुप्पी साधे रहे।