इंदौर में किन्नर से दोस्ती को लेकर हुआ विवाद, युवक की चाकू मारकर हत्या
किन्नर से दोस्ती को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक ने दूसरे के चाकू मारकर उसकी हत्या कर दी। आरोपित को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। कल्पना नाम की किन्नर पहले अभिषेक की दोस्त थी लेकिन बाद में वह बंटी के साथ रहने लगी।
इंदौर, जागरण आनलाइन डेस्क। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में किन्नर से दोस्ती को लेकर दो युवकों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक ने दूसरे युवक की जांघ में चाकू मार दिया। रक्तस्राव अधिक होने के कारण घायल युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। द्वारकापुरी थाना पुलिस मामले की जांच की जा रही है। आरोपित युवक को फिलहाल अस्पताल में भर्ती है।
ये घटना शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे ऋषि पैलेस चौक पर हुई। आरोपी 25 वर्षीय बंटी यादव का यहां एक दुकान के बाहर 22 वर्षीय अभिषेक बसौर निवासी अहिरखेड़ी से विवाद हो गया। कहा जा रहा है कि कल्पना नाम की किन्नर पहले अभिषेक की दोस्त थी लेकिन बाद में वह बंटी के साथ रहने लगी।
इसी बात को लेकर दो युवकों में विवाद हो गया। बहस के बीच आरोपी बंटी ने अभिषेक को जांघ में चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
गंभीर हालत में अभिषेक को इलाज के लिए एमवाय अस्पताल ले जाया गया लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। डाक्टरों के मुताबिक बहुत ज्यादा ब्लीडिंग हो रही थी। इलाज के दौरान अभिषेक ने दम तोड़ दिया। जबकि बंटी भी अस्पताल में भर्ती है।
डाक्टरों का कहना है कि जल्द ही उसे छुट्टी दे दी जाएगी। आशंका जताई जा रही है कि बंटी ने अभिषेक पर हमला करने के बाद खुद को चाकू मार लिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों युवकों का आपराधिक रिकार्ड है। मामले की जांच जारी है।
शराब के नशे में दूसरी मंजिल से गिरा युवक
इंदौर में बर्थडे पार्टी में युवक ने ऐसी शराब पी ली कि उसकी जान चली गई। दूसरी मंजिल से गिरने के कारण युवक की मौत हो गई। भंवरकुआं थाने के अनुसार शुक्रवार की सुबह पंजाब लाज के नीचे इलाके के एक रेस्टोरेंट में काम करने वाले 19 वर्षीय आशीष पुत्र कुंवर सिंह का शव मिला। वह यहीं रहता था।
मिली जानकारी के अनुसार 2 अगस्त को उसका जन्मदिन था। लेकिन पैसे न होने पर 11 अगस्त को सैलरी मिलने पर बर्थडे पार्टी रखी थी। उसने देर रात तक दोस्तों के साथ शराब पार्टी की। इसके बाद सभी सो गए। रात को जब आशीष को उल्टी हुई तो वह खिड़की के पास जाकर बैठ गया।
इसी बीच नींद की सांस लेने पर वह खिड़की से नीचे गिर गया। सुबह दोस्तों की नींद खुली तो देखा कि आशीष का शव पड़ा हुआ है।