होम आइसोलेशन का उल्लंघन करने वाले सावधान, पकड़े गए तो दर्ज होगी FIR
मध्य प्रदेश के जबलपुर में कोरोना से संक्रमित होम आइसोलेशन (Home Isolation) में रह रहे लोगों पर पुलिस और प्रशासन नजर रखे हुए हैं। पकड़े जाने पर प्रशासन ने ऐसे लोगों के खिलाफ सीधे प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया है।
जबलपुर, जेएनएन। इन दिनों स्वास्थ्य विभाग न केवल कोरोना से संक्रमित लोगों पर नजर रखे हुए है, बल्कि प्रशासन और पुलिस भी उन पर नजर रखे हुए है। इसकी वजह कोरोना पीड़ित लोगों का होम आइसोलेशन है। दरअसल कई संक्रमित इस नियम का उल्लंघन कर रहे हैं। प्रशासन ने ऐसे लोगों के खिलाफ सीधे प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया है। हर दिन संक्रमितों की संख्या में इजाफा हो रहा है।
नगर निगम के कोरोना कंट्रोल रूम की ओर से प्रतिदिन लोगों से सीधे संपर्क कर उनकी हर रोज की खबर ली जा रही है। साथ ही उनके होम आइसोलेशन में रहने और उनकी दवाओं की जानकारी एकत्र कर स्वास्थ्य विभाग को दी जा रही है। हालांकि, अभी भी कई लोग हैं जो इन नियमों का पालन नहीं करते हैं। वे घर के बाहर घूम रहे हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ एफआईआर शुरू कर दी गई है।
आधारताल थाने में आलोक नगर महर्षि महेश योगी वार्ड निवासी कोरोना संक्रमित हरीश चंद केशवानी के खिलाफ होम आइसोलेशन के नियमों का उल्लंघन करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गयी है। नायबतहसीलदार आधारताल संदीप जायसवाल ने बताया कि हरीश समेत परिवार के अन्य सदस्य तीन दिन पहले कोरोना संक्रमित पाए गए थे, जिसके बाद उन्हें होम आइसोलेशन में रहने को कहा गया था। उन्होंने नगर निगम के कर्मचारियों द्वारा घर पर लगाए गए होम आइसोलेशन पोस्टर को हटा दिया। इतना ही नहीं उनके परिवार के सदस्य घर के बाहर घूमते नजर आए। हरीशचंद के अधारताल चौराहे पर स्थित जनरल स्टोर की दुकान भी खुली मिली। इसे लेकर आधारताल थाने में हरीशचंद के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।