ब्रिटेन के मंत्री तारिक अहमद ने की भारत की तारीफ, कहा- महामारी में निभाई यादगार भूमिका
ब्रिटेन के मंत्री लार्ड तारिक अहमद ने कहा है कि भारत ने कोरोना वायरस महामारी के दौरान दुनिया के औषधालय के तौर पर जो भूमिका निभाई है वह असाधारण है। लार्ड अहमद ने यह बात ऐसे समय कही है जब वह सोमवार से भारत की यात्रा शुरू करने वाले हैं।
लंदन, पीटीआइ। ब्रिटेन के मंत्री लार्ड तारिक अहमद ने कहा है कि भारत ने कोरोना वायरस महामारी के दौरान दुनिया के औषधालय के तौर पर जो भूमिका निभाई है, वह असाधारण है। लार्ड अहमद ने यह बात ऐसे समय कही है जब वह सोमवार से भारत की पांच दिवसीय यात्रा शुरू करने वाले हैं। ब्रिटेन के विदेश, राष्ट्रमंडल और विकास कार्यालय (एफसीडीओ) में दक्षिण एशिया मामलों के मंत्री लार्ड अहमद ने कोविड-19 टीकों की आपूíत सुनिश्चित करने में दोनों देशों के बीच घनिष्ठ सहयोग पर प्रकाश डाला जो संयुक्त राष्ट्र के नेतृत्व में कोवैक्स सुविधा के तहत दुनियाभर के देशों को लाभ पहुंचा रहा है।
लार्ड अहमद ने कहा, 'भारत के साथ हमारा संबंध केवल द्विपक्षीय महत्व का नहीं है, यह इस बारे में भी है कि दोनों देश एकसाथ कैसे काम कर रहे हैं और वर्तमान कोविड-19 महामारी से बेहतर इसका कोई चित्रण नहीं हो सकता जिससे हम वर्तमान समय में जूझ रहे हैं। हमने ब्रिटेन और भारत के बीच दुनियाभर में प्रतिक्रिया जताने में एक मजबूत सहयोग देखा है जिसमें कोवैक्स सुविधा के तहत सहयोग भी शामिल है जिसके अंतर्गत दुनिया के जोखिम वाले देशों की मदद की जा रही है।'
उन्होंने कहा, 'साथ ही हम भारत के साथ सुरक्षा परिषद के सदस्य के रूप में उसके कार्यकाल में आगे सहयोग के लिए तत्पर हैं। ब्रिटेन और भारत के बीच पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन, स्वास्थ्य सेवा, प्रौद्योगिकी क्षेत्रों में संबंध काफी महत्वपूर्ण हैं।' लार्ड अहमद की यात्रा दिल्ली में मंत्रिस्तरीय बैठकों के साथ शुरू होगी और इसमें चंडीगढ़, चेन्नई और हैदराबाद भी शामिल होगा। इससे बाद ब्रिटेन रवाना होने से पहले वह मुंबई में व्यापार और निवेश वार्ता करेंगे। उन्होंने कहा कि उनकी यह यात्रा काफी महत्वपूर्ण होगी क्योंकि यह ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जानसन की भारत यात्रा से पहले हो रही है।