ब्रिटेन में कोरोना की तीसरी लहर का खतरा बढ़ा, तीन महीने बाद एक दिन में मिले सर्वाधिक 6,238 नए केस

Coronavirus World Update ब्रिटेन में कोरोना महामारी की तीसरी लहर का खतरा बढ़ता जा रहा है। देशभर में तीन महीने बाद शुक्रवार को सर्वाधिक 6238 नए मामले पाए गए। यहां गत पांच मार्च को 5924 केस मिले थे।

By Krishna Bihari SinghEdited By: Publish:Sat, 05 Jun 2021 06:24 PM (IST) Updated:Sat, 05 Jun 2021 10:48 PM (IST)
ब्रिटेन में कोरोना की तीसरी लहर का खतरा बढ़ा, तीन महीने बाद एक दिन में मिले सर्वाधिक 6,238 नए केस
ब्रिटेन में कोरोना महामारी की तीसरी लहर का खतरा बढ़ता जा रहा है।

लंदन, एजेंसियां। ब्रिटेन में कोरोना महामारी की तीसरी लहर का खतरा बढ़ता जा रहा है। देशभर में तीन महीने बाद शुक्रवार को सर्वाधिक 6,238 नए मामले पाए गए। यहां गत पांच मार्च को 5,924 केस मिले थे। महामारी की दो लहरों का सामना कर चुके इस देश में कोरोना के डेल्टा वैरिएंट का भी कहर बढ़ गया है।

फिर बढ़ रहा संक्रमण

ब्रिटेन में दूसरी लहर में गत आठ जनवरी को सर्वाधिक 67 हजार से ज्यादा नए मामले पाए गए थे। इसके बाद दैनिक मामले घटकर मध्य मई में दो हजार से नीचे आ गए थे। अब फिर संक्रमण बढ़ता दिख रहा है। इस यूरोपीय देश में अब तक कुल 45 लाख 21 हजार से अधिक मामले पाए गए हैं।

बढ़ रहे डेल्टा वैरिएंट के मामले

बीते 24 घंटे में 11 मरीजों के दम तोड़ने से मरने वालों की संख्या एक लाख 28 हजार 86 हो गई है। ब्रिटेन में डेल्टा वैरिएंट के मामले भी तेजी से बढ़ रहे हैं। यहां इस वैरिएंट के अब तक कुल 12 हजार 431 केस पाए गए हैं। इनमें से करीब साढ़े पांच हजार मामले तो महज बीते एक हफ्ते में बढ़ गए। सबसे पहले भारत में पाए गए इस वैरिएंट को ज्यादा संक्रामक बताया जा रहा है।

एक नजर इन देशों पर

ब्राजील : 1,454 पीड़ितों की मौत से मरने वालों की संख्या चार लाख 70 हजार 842 हो गई है। कुल एक करोड़ 68 लाख 41 हजार संक्रमित मिले हैं।

अर्जेंटीना : 24 घंटे में 30 हजार 950 नए केस पाए जाने से कुल मामले 39 लाख 15 हजार हो गए हैं। यहां 80 हजार से अधिक की मौत हुई है।

ताइवान : शनिवार को 511 नए संक्रमित मिलने से कुल मामले करीब 11 हजार हो गए। एक दिन पहले 472 केस मिले थे। कुल 225 मौत हुई है। 

chat bot
आपका साथी