प्रिंस फिलिप को तोपों से दी गई श्रद्धांजलि, आठ दिन का मनाया जाएगा शोक, शुक्रवार को हुआ था निधन

ब्रिटेन के शाही परिवार ने भी लोगों से महामारी संबंधी नियमों के पालन की अपील की है। हालांकि इसके बावजूद लोग बकिंघम पैलेस और विंडसर कैसल के बाहर गुलदस्ते रखकर प्रिंस फिलिप को श्रद्धांजलि दे रहे हैं ।

By Dhyanendra Singh ChauhanEdited By: Publish:Sat, 10 Apr 2021 07:48 PM (IST) Updated:Sat, 10 Apr 2021 07:48 PM (IST)
प्रिंस फिलिप को तोपों से दी गई श्रद्धांजलि, आठ दिन का मनाया जाएगा शोक, शुक्रवार को हुआ था निधन
ब्रिटेन में पारंपरिक रूप से तोपों से दी गई सलामी

लंदन, एजेंसियां। ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ के पति और ड्यूक ऑफ एडिनबरा प्रिंस फिलिप को देशभर में शनिवार को तोपों से श्रद्धांजलि दी गई। इसके साथ ही ब्रिटेन में आठ दिन का शोक शुरू हो गया। प्रिंस फिलिप ने शुक्रवार को अंतिम सांस ली थी। वह 99 साल के थे। उनको श्रद्धांजलि देने के लिए शाही आवासों के बाहर भी बड़ी संख्या में लोग जमा हुए और पुष्प अर्पित कर उन्हें याद किया।

ब्रिटेन के सशस्त्र बलों ने लंदन, एडिनबरा, कार्डिफ, बेलफास्ट और जिब्राल्टर के अलावा कुछ युद्धपोतों से भी प्रिंस फिलिप को तोपों से सलामी दी। शाही वेबसाइट पर जारी एक बयान में बताया गया, 'देशभर में पारंपरिक रूप से तोपों से सलामी दी जा रही है। यह परंपरा 18वीं सदी से चली आ रही है। वर्ष 1901 में महारानी विक्टोरिया के निधन पर भी इसी तरह की सलामी दी गई थी।' हालांकि प्रिंस फिलिप के अंतिम संस्कार के कार्यक्रम का अभी एलान नहीं किया गया है। बकिंघम पैलेस जल्द ही इस बारे में घोषणा कर सकता है।

यह माना जा रहा है कि कोरोना पाबंदियों के चलते प्रिंस फिलिप के अंतिम संस्कार में कम लोग मौजूद रहेंगे। शाही परिवार ने भी लोगों से महामारी संबंधी नियमों के पालन की अपील की है। हालांकि इसके बावजूद लोग बकिंघम पैलेस और विंडसर कैसल के बाहर गुलदस्ते रखकर प्रिंस फिलिप को श्रद्धांजलि दे रहे हैं। विंडसर कैसल में ही ड्यूक ऑफ एडिनबरा का निधन हुआ।

दस जून 1921 को हुआ था जन्म

बता दें कि प्रिंस फिलिप का जन्म दस जून, 1921 को हुआ था। प्रिंस फिलिप और महारानी एलिजाबेथ लॉकडाउन के दौरान ज्यादातर समय विंडसर कैसल में ही रहे। दोनों ने गत जनवरी में एक साथ कोरोना वैक्सीन लगवाई थी। महारानी एलिजाबेथ ने 1997 में अपनी शादी की 50वीं वर्षगांठ के मौके पर कहा था, 'वह (प्रिंस फिलिप) बेहद सरल और मेरी ताकत हैं।' महारानी अपनी निजी जिंदगी के बारे में सार्वजनिक तौर पर कम बोलती हैं।

chat bot
आपका साथी