रूस ने नवलनी के दफ्तरों को आतंकी सूची में डाला, पुतिन आलोचक नेता के वकील को भी लिया गया हिरासत में

रूस में राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के आलोचक एलेक्सेई नवलनी के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी गई है। जेल में बंद नवलनी के क्षेत्रीय दफ्तरों को आतंकी सूची में डाल दिया गया है। ये दफ्तर नवलनी के पक्ष में देशव्यापी अभियान संचालित करते हैं।

By Krishna Bihari SinghEdited By: Publish:Fri, 30 Apr 2021 07:15 PM (IST) Updated:Fri, 30 Apr 2021 07:15 PM (IST)
रूस ने नवलनी के दफ्तरों को आतंकी सूची में डाला, पुतिन आलोचक नेता के वकील को भी लिया गया हिरासत में
रूस में राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के आलोचक एलेक्सेई नवलनी के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी गई है।

मॉस्को, एजेंसियां। रूस में राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के आलोचक एलेक्सेई नवलनी के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी गई है। जेल में बंद नवलनी के क्षेत्रीय दफ्तरों को आतंकी सूची में डाल दिया गया है। ये दफ्तर नवलनी के पक्ष में देशव्यापी अभियान संचालित करते हैं। पुतिन विरोधी नेता का एक अन्य संगठन एंटी करप्शन फाउंडेशन भी आतंकी सूची में जाने के कगार पर है। इस संबंध में मॉस्को की एक अदालत में मामला विचाराधीन है।

हिरासत में नवलनी के वकील

इधर, नवलनी के वकील इवान पावलोव को भी हिरासत में ले लिया गया है। उनके खिलाफ आपराधिक जांच शुरू की गई है। रूस में वित्तीय मामलों की निगरानी करने वाली एजेंसी ने शुक्रवार को नवलनी नेटवर्क ऑफ रीजनल कंपेन ऑफिसेज को उन संगठनों की सूची में डाल दिया, जो आतंकवाद और चरमपंथी गतिविधियों में लिप्त रहते हैं। नवलनी के सहयोगियों ने गुरुवार को बताया था कि वे नेटवर्क को खत्म कर रहे हैं, क्योंकि अधिकारी बंद करने को कह रहे हैं।

'पुतिन को देश की परवाह नहीं'

मॉस्को की एक अदालत में वीडियो लिंक के जरिये नवलनी को पेश किया गया। इस दौरान उन्होंने पुतिन के बारे में कहा, 'मैं यह कहना चाहूंगा कि आपका किंग नग्न है। उन्हें देश की परवाह नहीं है। वह अनिश्चितकाल तक शासन करना चाहते हैं।' नवलनी को गत वर्ष जहर देकर जान से मारने की कोशिश की गई थी। उन्होंने पुतिन पर इसका आरोप लगाया था।

पुतिन पर लगाए थे गंभीर आरोप

बता दें कि गत जनवरी में नवलनी की गिरफ्तारी के बाद से ही उनसे जुड़े संगठनों पर दबाव बढ़ा दिया गया है। नवलनी ने पूरे रूस में 2017 में अपने दफ्तर खोले थे। उन्होंने ये कार्यालय राष्ट्रपति पद का चुनाव लड़ने की योजना के तहत खोले थे। लेकिन बाद में उनकी उम्मीदवारी पर रोक लगा दी गई और वह चुनाव नहीं लड़ पाए थे। हाल ही में नवलनी ने रूसी राष्‍ट्रपति पुतिन के खिलाफ कठोर टिप्पणियां की थी। नवलनी ने पुतिन को नग्न और चोरी से सत्ता हासिल करने वाला बताया था।

chat bot
आपका साथी