कोरोना के कारण रिकार्ड मौतों के बाद रूस में सख्त पाबंदियां लगाने का प्रस्ताव

रूस में कोरोना संक्रमण का कहर एक बार फिर बढ़ने लगा है। पिछले 24 घंटे में कोरोना के कारण सर्वाधिक 1015 मौतों और 33 हजार से ज्यादा नए मामलों के मिलने के बाद कुछ सख्त पाबंदियां लगाने का प्रस्ताव किया गया है।

By Arun Kumar SinghEdited By: Publish:Tue, 19 Oct 2021 10:25 PM (IST) Updated:Tue, 19 Oct 2021 10:25 PM (IST)
कोरोना के कारण रिकार्ड मौतों के बाद रूस में सख्त पाबंदियां लगाने का प्रस्ताव
रूस में कोरोना संक्रमण का कहर एक बार फिर बढ़ने लगा है।

 मास्को, रायटर। रूस में कोरोना संक्रमण का कहर एक बार फिर बढ़ने लगा है। पिछले 24 घंटे में कोरोना के कारण सर्वाधिक 1,015 मौतों और 33 हजार से ज्यादा नए मामलों के मिलने के बाद कुछ सख्त पाबंदियां लगाने का प्रस्ताव किया गया है। इसके तहत कार्यस्थलों को एक हफ्ते के लिए बंद किया जाएगा और मास्को में वैक्सीन नहीं लगवाने वाले 60 साल से अधिक उम्र के लोगों के चार महीने तक घर से बाहर निकलने पर रोक होगी।

देश भर में एक हफ्ते तक कार्यस्थलों को किया जाएगा बंद

कोरोना के हालात पर चर्चा करने के लिए आयोजित बैठक में उप प्रधानमंत्री तातियाना गोलीकोवा ने 30 अक्टूबर से सात नवंबर तक कार्यस्थलों को बंद रखने का प्रस्ताव किया है। इसी तरह के उपाय पहले भी किए गए थे। गोलीकोवा ने कहा कि लोगों को सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल होने या कुछ जगहों पर जाने के लिए पूर्ण टीकाकरण या कोरोना से उबरने के साक्ष्य दिखाने होंगे। वहीं, मास्को के मेयर सर्गेई सोबियानिन ने कहा कि गंभीर संक्रमण के चलते अस्पताल में भर्ती होने वाले मरीजों की संख्या दिन पर दिन बढ़ रही है। सबसे चिंता की बात बुजुर्ग आबादी का कोरोना की चपेट में आना है।

मास्को में वैक्सीन नहीं लगवाने वाले 60 के पार वालों के चार माह तक घर से निकलने पर रोक

60 प्रतिशत से ज्यादा मरीज 60 साल से ज्यादा उम्र के हैं। 80 प्रतिशत लोगों को वेंटिलेटर पर रखा गया है और 86 प्रतिशत मौतें हुई हैं। गंभीर हालात को देखते हुए 1.24 करोड़ की आबादी वाले मास्को शहर में 25 अक्टूबर से 60 साल से ज्यादा उम्र के लोगों को चार महीने या टीका लगवाने तक घर में ही रहने को कहा गया है। प्रशासनिक अधिकारियों को दोहरी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। कोरोना के मामले बढ़ने के साथ ही लोगों में भी स्पुतनिक वी टीका लगवाने को लेकर झिझक बढ़ रही है।

chat bot
आपका साथी