नवलनी भेजे गए जेल, अंतरराष्ट्रीय समुदाय ने एक सुर में तत्काल रिहा करने की मांगी की, रूस ने दिया यह जवाब
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के धुर विरोधी माने जाने वाले एलेक्सेई नवलनी को रूस पहुंचते ही गिरफ्तार कर लिया गया। अंतरराष्ट्रीय समुदाय ने इसकी एक सुर में आलोचना की है। वहीं रूस ने अपने चिर परिचित अंदाज में इसका करारा जवाब भी दिया है...
वाशिंगटन, एजेंसियां। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के धुर विरोधी एलेक्सेई नवलनी की जर्मनी से रूस पहुंचते ही गिरफ्तारी पर संयुक्त राष्ट, अमेरिका, यूरोपियन काउंसिल और ब्रिटेन सहित पश्चिम के कई देशों ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। सभी ने कहा है कि नवलनी को तत्काल रिहा किया जाए। अंतरराष्ट्रीय समुदाय के इस रुख पर रूस ने करारा पलटवार भी किया है। रूस ने कहा है कि बेहतर हो कि आप सभी अंतरराष्ट्रीय नियमों का पालन करें और अपने घरेलू मामलों पर ध्यान दें।
जेल भेजे गए नवलनी
इस बीच रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के धुर विरोधी एलेक्सेई नवलनी को अदालत ने 30 दिन के लिए जेल भेज दिया है। उन्हें एक दिन पहले ही जर्मनी से लौटने पर मॉस्को हवाईअड्डे पर गिरफ्तार कर किया गया था। इस बीच, संयुक्त राष्ट्र अमेरिका, यूरोपियन काउंसिल और ब्रिटेन सहित पश्चिम के कई देशों ने उनकी गिरफ्तारी पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है और उन्हें तत्काल रिहा करने को कहा है।
15 फरवरी तक जेल में रखने का आदेश
मॉस्को की अदालत ने नवलनी को निलंबित जेल की शर्तों के उल्लंघन का दोषी मानते हुए 15 फरवरी तक जेल में रखने का आदेश दिया। मॉस्को जेल प्रशासन ने नवलनी की 3.5 साल की सजा के निलंबन को खत्म करने के लिए आवेदन किया है। नवलनी को गबन के आरोप में यह सजा सुनाई गई थी। उनके खिलाफ और भी तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। नवलनी जर्मनी में पांच माह तक इलाज कराने के बाद रविवार को ही मॉस्को के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरे थे, जहां पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
संयुक्त राष्ट्र बोला- यह तो गलत है
मालूम हो कि रविवार को विपक्षी नेता नवलनी जर्मनी में पांच माह तक इलाज कराने के बाद मास्को के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरे थे, जहां पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। संयुक्त राष्ट्र के जेनेवा स्थित मानवाधिकार कार्यालय ने कहा है कि नवलनी के अधिकारों को सुरक्षित रखा जाना चाहिए। नवलनी की गिरफ्तारी गलत है, उन्हें तुरंत रिहा किया जाना चाहिए।
नवलनी तुरंत रिहा करने की मांग
आम तौर पर रूस और अमेरिका के बीच सियासी तनातनी बनी रहती है लेकिन अमेरिका ने इस मौके का फायदा उठाते हुए नवलनी तुरंत रिहा किए जाने की मांग की। अमेरिका के विदेश मंत्री माइक पोंपियो ने कहा है कि रूस में चुनावों में भाग लेने के लिए सभी दलों और उम्मीदवारों को समान अवसर दिए जाने चाहिए। नवलनी कोई समस्या नहीं हैं। हम उनको बिना शर्त तत्काल रिहा करने की मांग करते हैं।
ब्रिटेन, जर्मनी, फ्रांस, इटली ने एकसुर में उठाई आवाज
यूरोपियन काउंसिल के अध्यक्ष चार्ल्स माइकल ने कहा है कि नवलनी की गिरफ्तारी किसी भी रूप में उचित नहीं है। पश्चिम के अधिकांश देशों ने नवलनी की गिरफ्तारी पर कड़ी आलोचना की है। ब्रिटेन, जर्मनी, फ्रांस, इटली के विदेश मंत्रियों ने नवलनी को तत्काल रिहा करने की रूस से मांग की है। विदेश मंत्रियों ने यूरोपियन यूनियन से रूस पर नए प्रतिबंध लगाने पर विचार करने को कहा है।
रूस का पलटवार, कहा- अपने घरेलू मामलों पर ध्यान दें
एलेक्सेई नवलनी की गिरफ्तारी को लेकर कई देशों से आ रही प्रतिक्रियाओं पर रूस ने भी करारा जवाब दिया है। रूस के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया जखारोब ने सभी को सलाह दी कि वे अंतरराष्ट्रीय नियमों का पालन करें और अपने घरेलू मामलों पर ध्यान दें।
रूस ने लगाया जर्मनी पर सहयोग न करने का आरोप
रूस के विदेश मंत्री सर्गे लेवरोव ने कहा है कि जहर देने के आरोप की जांच में जर्मनी ने सहयोग नहीं किया है। जर्मनी के द्वारा दी गई जानकारी कतई संतोषजनक नहीं है। यहां से प्रोसीक्यूटर जनरल के कार्यालय से जो भी जानकारी मांगी गई थीं, वे उपलब्ध नहीं कराई गई।