रूस के कब्जे वाले क्रीमिया में बाढ़ के बाद आपातकाल घोषित, 300 घर और सिटी अस्पताल प्रभावित
इंटरफैक्स समाचार एजेंसी ने रूसी अधिकारियों के प्रमुख सर्गेई अक्स्योनोव के हवाले से कहा सामग्री नुकसान की स्थिति गंभीर है। लेकिन अब आयोगों का गठन किया गया है एक क्षेत्रीय आपातकाल पहले ही घोषित किया जा चुका है।
मास्को, रायटर। केर्च शहर सहित प्रायद्वीप के पूर्व के कुछ हिस्सों में भारी बारिश के कारण बाढ़ आने के बाद रूसी कब्जे वाले क्रीमिया में अधिकारियों ने गुरुवार को स्थानीय आपातकाल की घोषणा की। आपातकाल स्थिति के मंत्रालय ने कहा कि बाढ़ से करीब 300 घर और शहर का एक अस्पताल प्रभावित हुआ है। शहर के कई इलाकों में सड़कें पानी में डूबी हुई हैं। ऑनलाइन पोस्ट किए गए एक वीडियो में एक जगह एक दमकल गाड़ी को गहरे पानी में डूबी यात्री बस की सहायता करते देखा जा सकता है। कुछ कारें लगभग पूरी तरह से पानी के नीचे थीं।
इंटरफैक्स समाचार एजेंसी ने रूसी अधिकारियों के प्रमुख सर्गेई अक्स्योनोव के हवाले से कहा, 'सामग्री नुकसान की स्थिति गंभीर है। लेकिन अब आयोगों का गठन किया गया है, एक क्षेत्रीय आपातकाल पहले ही घोषित किया जा चुका है।'
बता दें कि यह वही क्रीमिया है जो वर्ष 2014 से पहले यूक्रेन का हिस्सा था, लेकिन आज यह रूस प्रशासित प्रदेश है। लगभग छह वर्ष पहले रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने दृढ इच्छाशक्ति दिखाते हुए ‘इतिहास की गलतियों’ को ‘सुधारा’ और अपनी सैन्य शक्ति का इस्तेमाल करते हुए क्रीमिया को रूस का हिस्सा बना लिया। हालांकि दुनिया के बहुत से देशों, विशेषकर पश्चिमी देशों ने इस मुद्दे पर रूस का विरोध किया, रूस पर कई तरह के प्रतिबंध लगा दिए जो आज तक जारी हैं, लेकिन रूस अपने ‘राष्ट्रीय हितों’ से समझौता करने को तैयार नहीं और इस विरोध के सामने डट कर खड़ा है। वहीं, कीव(यूक्रेन की राजधानी) प्रायद्वीप को वापस चाहता है।